BREAKING NEWS
2026-07-31

हरदा के होटल में 54 वर्षीय मनरेगा संविदा सब इंजीनियर का अर्धनग्न शव मिला

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, हरदा।

हरदा शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित मिश्रा पैलेस होटल में मंगलवार सुबह मनरेगा के संविदा सब इंजीनियर गौरव दुबे (54) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। इंद्रपुरी, भोपाल निवासी गौरव दुबे हरदा जनपद पंचायत में मनरेगा योजना के तहत संविदा सब इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। वह पिछले लगभग 15 वर्षों से मिश्रा पैलेस होटल में रह रहे थे, जबकि उनकी पत्नी, एक बेटा और एक बेटी भोपाल में रहते हैं।

Advertisement

पुलिस ने तोड़ा कमरा

कोतवाली थाना प्रभारी रोशनलाल भारती ने बताया कि गौरव दुबे सोमवार से ही अपने साथियों और परिजनों के फोन रिसीव नहीं कर रहे थे। मंगलवार सुबह कार्यालय के कर्मचारियों ने दोबारा संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद होटल पहुंचकर देखा गया कि कमरा अंदर से बंद था और मोबाइल की घंटी लगातार बज रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसकी मौजूदगी में कमरे का दरवाजा तोड़ा गया। अंदर रूम नंबर 113 के बाथरूम में गौरव दुबे का शव अर्धनग्न अवस्था में मिला।

जांच जारी, हार्ट फेल की आशंका

प्रथम दृष्टया पुलिस को आशंका है कि गौरव दुबे की मौत हार्ट फेल होने से हुई हो सकती है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके हरदा पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गौरव दुबे ने सोमवार सुबह करीब 11:15 बजे तक व्हाट्सएप संदेश देखे थे। आशंका जताई जा रही है कि इसके बाद वह स्नान करने गए होंगे और उसी दौरान उनकी मृत्यु हो गई। यह जानकारी भी सामने आई है कि उन्हें पिछले चार महीनों से वेतन नहीं मिला था।