BREAKING NEWS
2026-07-29

भिंड: घिरोंगी गांव में 50 वर्षीय व्यक्ति की लाठियों से पिटाई, पुलिस ने दर्ज की FIR

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भिंड।

भिंड जिले के मालनपुर थाना अंतर्गत घिरोंगी गांव में 50 वर्षीय व्यक्ति के साथ हुई बेरहमी से मारपीट का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। वायरल वीडियो में कुछ लोग एक व्यक्ति को लाठियों से पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं।

Advertisement

यह घटना दो दिन पहले शनिवार को हुई थी। घायल की पहचान घिरोंगी गांव निवासी 50 वर्षीय करतार सिंह बघेल के रूप में हुई है। बताया गया कि करतार सिंह अपने एक साथी के साथ बाइक से गांव जा रहे थे।

इसी दौरान रास्ते में गांव के जयसिंह गुर्जर और उसके साथियों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि आरोपियों ने बाइक से उतरने का मौका दिए बिना ही लाठियों से हमला कर दिया। इस मारपीट में करतार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी वारदात का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे गांव में वर्चस्व को कारण माना जा रहा है। आरोप है कि हमलावर करतार सिंह को लंबे समय से निशाना बना रहे थे और मौका मिलते ही उन्होंने हमला कर दिया।

पीड़ित करतार सिंह बघेल की शिकायत पर नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। घायल करतार सिंह का उपचार कराया जा रहा है।

थाना मालनपुर के टीआई प्रदीप सोनी ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।