BREAKING NEWS
2026-07-29

NEET पेपर लीक आंदोलन पर बनेगी फिल्म ‘द एक्सीडेंटल कॉकरोच पार्टी’

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, जयपुर।

दिल्ली के जंतर मंतर पर नीट पेपर लीक को लेकर हुए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन पर एक फिल्म बनाने की घोषणा की गई है। इस फिल्म का नाम ‘द एक्सीडेंटल कॉकरोच पार्टी’ होगा।
जयपुर में गोवंश अखाड़ा के गोविंद देव ‘ब्रह्म’ ने इस फिल्म को बनाने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि वह स्वयं फिल्म की स्क्रिप्ट लिखेंगे। फिल्म के प्रोड्यूसर और डायरेक्टर को लेकर मुंबई में उनकी बातचीत चल रही है।
गोविंद देव ‘ब्रह्म’ का दावा है कि यह फिल्म आंदोलन के पीछे की उन परतों को सामने लाएगी, जो आम लोगों के सामने नहीं आ सकीं।
उन्होंने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा कि फिल्म का उद्देश्य आंदोलन के पीछे की सच्चाई और कथित राजनीतिक साजिशों को उजागर करना है।

Advertisement

आंदोलन पर गोविंद देव ‘ब्रह्म’ का दृष्टिकोण

गोविंद देव ‘ब्रह्म’ ने पेपर लीक से प्रभावित छात्रों की मांगों को सही माना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पेपर लीक के खिलाफ छात्रों का आंदोलन पूरी तरह जायज था।
उनका कहना है कि जिन युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ और जिन्होंने अपनी जान तक गंवाई, उनका दर्द वास्तविक है।
हालांकि, उनका आरोप है कि आंदोलन का इस्तेमाल किसी दूसरे उद्देश्य के लिए किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने इसी असली मुद्दे का इस्तेमाल अपने अलग उद्देश्य के लिए करने की कोशिश की। फिल्म में इसी पहलू को दिखाया जाएगा।
गोविंद देव ‘ब्रह्म’ ने दावा किया कि आंदोलन के दौरान जो कुछ सामने दिखा, उसके पीछे कई ऐसी बातें थीं, जो लोगों को पता नहीं चल सकीं। उनके पास ऐसे लोगों की जानकारी और अनुभव हैं, जो उस आंदोलन से जुड़े रहे। उनका कहना है कि अगर यह आंदोलन दो-तीन दिन और चलता तो देश में हालात काफी गंभीर हो सकते थे। फिल्म के जरिए उन्हीं तथ्यों को सामने लाया जाएगा।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का जिक्र भी फिल्म में होगा, लेकिन गोविंद देव ‘ब्रह्म’ के अनुसार, उनका फोकस इस्तीफे पर नहीं है। छात्रों की मांगें अपनी जगह सही थीं और उनका पक्ष भी फिल्म में रहेगा।
उन्होंने सवाल उठाया कि कहीं इस पूरे आंदोलन का इस्तेमाल किसी बड़े राजनीतिक एजेंडे के लिए तो नहीं किया गया। फिल्म इसी पहलू को सामने रखेगी।
पेपर लीक और छात्रों की मौत को गोविंद देव ‘ब्रह्म’ ने बहुत दुखद घटनाएं बताया। उन्होंने कहा कि जिन छात्रों ने आत्महत्या की, उनका दर्द किसी भी कीमत पर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। फिल्म में इस पहलू को भी पूरी संवेदनशीलता के साथ दिखाया जाएगा।
उनका मानना है कि छात्रों के दर्द और गुस्से का इस्तेमाल कुछ लोग अपने राजनीतिक हितों के लिए करना चाहते थे। यही फिल्म का मुख्य विषय है।

गोविंद देव ‘ब्रह्म’ का परिचय

गोविंद देव ‘ब्रह्म’ ने अपने बारे में बताया कि उनका मूल क्षेत्र लेखन रहा है। उन्होंने पहले कई टीवी और फिल्मी प्रोजेक्ट्स पर काम किया है।
उन्होंने ‘राखी का स्वयंवर’ की स्क्रिप्ट लिखी थी। इसके अलावा, किन्नरों पर बनी फिल्म ‘अधूरी ख्वाहिश’ भी उन्होंने लिखी और बनाई, जिसे कई पुरस्कार मिले थे।
बाद में उनकी रुचि पूरी तरह अध्यात्म और सनातन की ओर बढ़ी और अब वह उसी दिशा में काम कर रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री के इस्तीफे के बाद छात्रों का जश्न

दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में जयपुर के शहीद स्मारक पर बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स जुटे थे।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद छात्रों ने जश्न मनाया। बड़ी संख्या में छात्रों ने नाच-गाकर अपनी खुशी का इजहार किया।
इस दौरान कांग्रेस ने प्रदेश में जगह-जगह विजय मार्च निकाला। कोटा और सीकर में भी आतिशबाजी और डांस के साथ जश्न मनाया गया।