BREAKING NEWS
2026-08-02

तलवार-चाकू से हमले के बाद इलाज के दौरान दीपक खत्री की मौत

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भिंड।

भिंड शहर के लक्ष्मी नगर में रंजिशन एक युवक पर तलवार और चाकू से जानलेवा हमला किया गया था, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अनु भीमनगर निवासी 68 वर्षीय रमेश कुमार खत्री ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

Advertisement

रिपोर्ट के अनुसार, 29 जुलाई की रात करीब 8.45 बजे रमेश कुमार खत्री के बेटे दीपक खत्री को विजय धाकरे का फोन आया था। आरोप है कि विजय धाकरे और सत्यम आदिवासी ने दीपक को लक्ष्मी नगर बुलाया था।

कुछ देर बाद दीपक की बहू ज्योति मौके पर पहुंची, जहां उन्होंने देखा कि विजय धाकरे तलवार से, सत्यम आदिवासी चाकू से तथा हिमांशु सोनी और कुलदीप गुर्जर दीपक के साथ मारपीट कर रहे थे।

स्वजनों के मौके पर पहुंचने पर दीपक गंभीर रूप से घायल मिला, जिसके पेट, पैरों और सिर पर गंभीर चोटें थीं। घायल दीपक ने अपने स्वजनों को बताया कि उस पर रंजिशन जान से मारने की नीयत से हमला किया गया था।

दीपक को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में गंभीर हालत में जेएएच ग्वालियर रेफर कर दिया गया। शनिवार तड़के चार बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

परिजनों का विरोध प्रदर्शन

पोस्टमार्टम के बाद शव भिंड लाए जाने पर आक्रोशित स्वजनों ने शनिवार को शव को हाथ ठेले पर रखकर सिटी कोतवाली पहुंचाया और बायपास पर कुछ देर के लिए जाम लगा दिया।

सूचना मिलने पर सीएसपी निरंजन सिंह राजपूत मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाकर जाम खुलवाया, जिसके बाद परिजन शांत हुए और शव का अंतिम संस्कार करने के लिए घर रवाना हो गए।

पुलिस कार्रवाई

पुलिस ने इस मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

भिंड सीएसपी निरंजन सिंह राजपूत ने बताया कि नामजद आरोपियों के विरुद्ध हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।