BREAKING NEWS

धारासिंह मड़ावी ने नवजात नाती को गोबर के गड्ढे में दफनाया

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, वारासिवनी।

वारासिवनी पुलिस थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत नांदगांव के गोपीटोला में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां 40 वर्षीय धारासिंह मड़ावी ने अपने नवजात नाती को घर के पीछे गोबर के गड्ढे में दफन कर दिया। यह घटना 29-30 जुलाई की रात की बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर वारासिवनी एसडीओपी अभिषेक चौधरी अपने स्टाफ के साथ 31 जुलाई की रात घटना स्थल पर पहुंचे। हालांकि, अंधेरा और तेज वर्षा के कारण नवजात शिशु के शव को गड्ढे से बाहर नहीं निकाला जा सका।
इसके बाद 1 अगस्त की सुबह नायब तहसीलदार चंद्रकिशोर ककोडिया, डॉक्टर और पुलिस की मौजूदगी में मृत नवजात शिशु का शव गड्ढे से निकाला गया। शव को वारासिवनी शासकीय चिकित्सालय लाकर उसका पोस्टमार्टम करवाया गया और फिर स्वजनों को सौंपा गया।
मृत नवजात शिशु को गड्ढे से बाहर निकालने के बाद पता चला कि उसके गले और मुंह में कपड़ा बंधा हुआ था।
वारासिवनी पुलिस द्वारा इस मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

Advertisement

संदेह और जांच

जानकारी के अनुसार, 29 जुलाई की सुबह धारासिंह मड़ावी के पड़ोसियों को रात में शिशु के रोने की आवाज सुनाई दी थीं। जब पड़ोसियों ने धारासिंह से इस बारे में पूछा, तो परिवार के सभी लोग टालमटोल करने लगे।
इसके बाद आंगनबाड़ी की आशा कार्यकर्ता को बुलवाकर पूछताछ की गई, जिन्होंने बताया कि धारासिंह की बेटी कुछ दिनों से गर्भवती थीं। आशा कार्यकर्ता ने संभावना जताई कि नवजात शिशु का जन्म उसी परिवार में हुआ होगा।
संदेह होने पर सरपंच विजय सहारे की मौजूदगी में ग्रामीणों की बैठक बुलाई गई। इस बैठक में आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ता ने पूरी घटना की सच्चाई बताई।
इसके बाद इसकी जानकारी कटंगी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची कटंगी पुलिस ने वारासिवनी थाना प्रभारी को पूरी जानकारी दी।

आरोपी की स्थिति

घटना के बाद धारासिंह मड़ावी ने कीटनाशक का सेवन कर लिया था।
उसे 31 जुलाई की रात वारासिवनी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका उपचार जारी है।