BREAKING NEWS

जबलपुर: बेटे द्वारा घसीटने के वायरल वीडियो मामले में मां ने शिकायत से इनकार किया

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, जबलपुर।

जबलपुर के रांझी क्षेत्र में 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ उसके बेटे द्वारा मारपीट और सड़क पर घसीटने का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और कार्रवाई शुरू की।

Advertisement

पुलिस ने मां-बेटे को थाने बुलाया, जहां बुजुर्ग मां ने अपने बेटे के खिलाफ शिकायत करने से इनकार कर दिया। उन्होंने पुलिस से कहा कि बेटे ने उनके साथ कुछ नहीं किया और गलती उनकी ही थी।

यह घटना आठ अगस्त की है। अशोक विहार कॉलोनी निवासी मित्रा विश्वकर्मा अपने दो बेटों राजू और प्रमोद के साथ रहती हैं। प्रसारित वीडियो में राजू अपनी मां को सड़क पर घसीटता और उनके साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा था।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने राजू को हिरासत में भी लिया था। पुलिस के सामने बुजुर्ग महिला ने बेटे के खिलाफ कार्रवाई से साफ इनकार कर दिया।

उन्होंने बताया कि उनके बीच पैसों को लेकर गलतफहमी हुई थी। महिला के अनुसार, राजू मंदिरों में काम करता है और अपनी कमाई का पैसा उनके पास रखता है। उसने करीब छह हजार रुपये दिए थे, जिसमें से दो हजार रुपये उन्होंने खर्च कर दिए थे, इसी बात को लेकर विवाद हुआ था।

महिला ने पुलिस से अपने बेटे को जेल न भेजने का अनुरोध किया। उनका कहना था, “वह जैसा भी है, मेरा बेटा है।”

पुलिस ने वीडियो दिखाकर समझाने का प्रयास किया, लेकिन महिला शिकायत के लिए तैयार नहीं हुईं।

बुजुर्ग महिला ने वीडियो बनाने और प्रसारित करने वाले पड़ोसी पर भी आरोप लगाए। उनका कहना था कि पड़ोसी उनके बेटे को फंसाकर घर पर कब्जा करना चाहता है।

रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि महिला को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने बेटे के खिलाफ कार्रवाई से इनकार कर दिया। उनके बेटे को समझाइश दी गई है कि वह अच्छा व्यवहार करें।