बुलंद सोच, भोपाल।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने त्योहारों का सीजन शुरू होने से पहले राजधानी भोपाल में मिलावटखोरों पर नकेल कसने के लिए अभियान छेड़ दिया है। दूध, घी, मावा और पनीर जैसे खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए यह कार्रवाई की जा रही है।
इस अभियान के तहत बुधवार को खाद्य विभाग की टीम ने करोंद स्थित एक दुकान पर छापा मारकर लगभग 10 क्विंटल (938 किलोग्राम) संदिग्ध देसी घी जब्त किया है।
प्रोस्पेरिटी टेक पर छापा
खाद्य विभाग की टीम ने करोंद के पंचवटी कॉलोनी (फेज-2) स्थित ‘प्रोस्पेरिटी टेक’ (शॉप नंबर 4 व 5) पर छापामार कार्रवाई की। व्यवसाई सूरज पांडे के इस प्रतिष्ठान में ‘गोवर्धन धौलपुर फ्रेश देसी घी’ और ‘अमूल घी’ की विभिन्न पैकिंग (15 किग्रा, 5 किग्रा, 1 किग्रा, 500 ग्राम और 200 ग्राम) में भारी मात्रा में घी मिला।
मिलावट की आशंका के आधार पर ‘खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006’ के तहत ₹5.50 लाख मूल्य का पूरा स्टॉक जब्त कर लिया गया। जांच के लिए घी के सैंपल लैब भेज दिए गए हैं।
बिना लाइसेंस कारोबार, प्रतिष्ठान सील
निरीक्षण के दौरान यह बड़ा खुलासा हुआ कि व्यापारी के पास आवश्यक ‘फूड लाइसेंस’ (खाद्य लाइसेंस) नहीं था। बिना लाइसेंस कारोबार करने और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर खाद्य विभाग की टीम ने दुकान को तुरंत सील कर दिया है।
संबंधित व्यापारी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पूर्व में की गई कार्रवाई
इससे पहले सोमवार को भी खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने मंगलवारा बाजार स्थित ‘आनंद मावा भंडार’ और ‘महाकाल मावा भंडार’ पर कार्रवाई की थी। वहां से मिलावट की आशंका में 89 किलोग्राम घी (कीमत ₹53,400) और 171 किलोग्राम पनीर (कीमत ₹42,750) जब्त कर जांच के लिए सैंपल लैब भेजे गए थे।
अधिकारी का बयान
भोपाल के मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवराज पावक ने बताया कि जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने और मिलावटखोरों पर शिकंजा कसने के लिए टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में दो बड़े मामलों में दूध, घी, पनीर और मावा के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
प्रयोगशाला से रिपोर्ट आते ही दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

