BREAKING NEWS
2026-07-31

नरसिंहपुर में मां-बेटी की ट्रेन से कटकर मौत

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, नरसिंहपुर।

नरसिंहपुर के स्टेशनगंज थाना अंतर्गत लूनावत पेट्रोल पंप के पास रेलवे ट्रैक पर बुधवार दोपहर एक हृदय विदारक घटना सामने आई। कपूरी गांव निवासी 25 वर्षीय नवविवाहिता प्राची जाट ने अपनी 3 वर्षीय मासूम बेटी प्रनीषा के साथ ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली।

Advertisement

यह घटना दोपहर लगभग 3:40 बजे खंभा क्रमांक 907 से 1516 के बीच हुई। ज्ञानगंगा एक्सप्रेस (22132) के लोको पायलट ने रेलवे स्टेशन को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलने पर स्टेशनगंज थाना पुलिस और कपूरी गांव से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। डाउन रेलवे ट्रैक पर मां और बेटी का शव एक-दूसरे से लिपटा हुआ मिला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऐसा प्रतीत हो रहा था कि मां ने अपनी मासूम बच्ची को सीने से लगाकर पटरी पर सिर रख दिया था, जिससे दोनों के सिर धड़ से अलग हो गए थे।

पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूर्ण कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया।

परिजनों के बयान के अनुसार, प्राची, जिनके पति का नाम निशांत जाट है, दोपहर करीब तीन बजे अपनी बेटी के साथ बाजार जाने की बात कहकर घर से निकली थीं।

इसके कुछ ही देर बाद पुलिस के माध्यम से परिजनों को इस दुखद हादसे की सूचना मिली।

फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। स्टेशनगंज थाना प्रभारी सौरभ पटेल ने बताया कि मृतका के मायके और ससुराल पक्ष के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, जिसके बाद ही वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है।

घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई थी। इसी दौरान गम में डूबे परिजनों में से एक बुजुर्ग ने वहां से गुजर रही मालगाड़ी के सामने कूदकर जान देने का प्रयास किया। हालांकि, मौके पर मौजूद एक युवक ने तुरंत बुजुर्ग को खींच लिया और अन्य लोगों की सहायता से उन्हें सुरक्षित बचाया गया।