BREAKING NEWS
2026-08-03

भोपाल में मंदिरों से आभूषण चोरी करने वाला शातिर चोर प्रमोद राजपूत गिरफ्तार

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

भोपाल में मंदिरों को निशाना बनाकर भगवान के आभूषण और पूजन सामग्री चोरी करने वाले एक शातिर चोर को शाहपुरा थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित श्रद्धालु बनकर मंदिरों में प्रवेश करता था और मौका मिलते ही भगवान के चांदी के मुकुट, पूजन सामग्री और अन्य कीमती सामान चुराकर फरार हो जाता था। पूछताछ में उसने शहर के चार थाना क्षेत्रों में चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है।

Advertisement

पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई की रात लक्ष्मण नगर स्थित सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर से चांदी का गिलास, चांदी का चम्मच और अन्य पूजन सामग्री चोरी हो गई थी। मंदिर से जुड़े अमित मिश्रा की शिकायत पर शाहपुरा थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस ने मंदिर और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्ध की तलाश शुरू की। सूचना मिलने पर शैतान सिंह चौराहे से एक संदिग्ध को बाइक सहित पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम प्रमोद राजपूत (42) निवासी कस्तूरबा नगर, गोविंदपुरा बताया। उसने सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर में चोरी करना स्वीकार किया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया गया।

जांच में आरोपित ने एमपी नगर, हबीबगंज और श्यामला हिल्स थाना क्षेत्रों में भी चोरी की वारदातों का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार, एमपी नगर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय के सामने बने मंदिर में वह दर्शन करने के बहाने पहुंचा था और भगवान लक्ष्मणजी का चांदी का मुकुट जेब में रखकर फरार हो गया था।

दिनदहाड़े हुई इन घटनाओं ने मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए थे। पुलिस आरोपित के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में उसके खिलाफ पहले से मारपीट का एक मामला दर्ज होना सामने आया है।

अब उससे अन्य लंबित चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।