BREAKING NEWS
2026-08-03

गुना में गैंगरेप के खिलाफ महिला संगठनों का प्रदर्शन, आरोपितों को कठोर सजा की मांग

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, गुना।

महिला सांस्कृतिक संगठन और छात्र संगठन डीएसओ ने गुना में कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन बाइक सवार युवक-युवती के साथ की गई ज्यादती के विरोध में किया गया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपितों को उदाहरणमूलक सजा दिए जाने की मांग की।

Advertisement

महिला संगठन की जिला सचिव प्रीति श्रीवास्तव ने बताया कि हाल ही में जिले के धरनावदा थाना क्षेत्र में एक बाइक सवार युवक-युवती को रोका गया था। आरोपितों ने युवक के साथ मारपीट की और युवती को जंगल में ले गए।

प्रीति श्रीवास्तव के अनुसार, जंगल में तीन लोगों ने युवती के साथ गैंगरेप किया। युवती ने कुछ समय तक बचने की कोशिश की, लेकिन आरोपितों ने दरिंदगी की हद पार करते हुए पहले उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर उसके प्राइवेट पार्ट में लकड़ी डाल दी। उन्होंने इस कृत्य को जघन्य के साथ काफी पीड़ादायक बताया।

वहीं, सचिव सीमा राय ने समाज में आए दिन हो रही ऐसी घटनाओं पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बढ़ते दुष्कर्म और छेड़खानी की घटनाएं समाज में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा पर सवाल खड़ा कर रही हैं। सीमा राय ने बताया कि माता-पिता आज अपनी छोटी बच्ची को भी बाहर भेजने से डर रहे हैं।

इस तरह की घटनाओं की कड़ी निंदा करते हुए यह मांग की गई कि आरोपितों को उदाहरणमूलक सजा दी जाए। साथ ही, ऐसी तमाम घटनाओं पर रोक लगाई जाए और इन घटनाओं के पीछे के कारणों जैसे शराब, नशा, अश्लीलता, अपसंस्कृति और पोर्न साइट्स पर भी रोक लगाई जाए।

इसी बीच, ग्वालियर में एक अन्य घटना सामने आई है, जहां एक दोस्त ने युवती को बंधक बनाकर तीन दिन तक दुष्कर्म किया। इसके बाद वह उसे जबरन जयपुर ले गया और जान से मारने की धमकी दी। इस घटना ने भी महिला सुरक्षा पर सवाल खड़े किए हैं।