BREAKING NEWS
2026-08-14

भोपाल की उड़िया बस्ती में घरों में घुसा बारिश का पानी, राशन-सामान खराब

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

भोपाल के छोला क्षेत्र स्थित उड़िया बस्ती के रहवासियों को रविवार शाम से हो रही बारिश के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। सोमवार सुबह करीब छह बजे बस्ती के कई घरों में अचानक पानी घुसने लगा। लोगों को अपना सामान समेटने और बचाने का मौका मिलने से पहले ही घरों में करीब डेढ़ फीट तक पानी भर गया, जिससे राशन और घरेलू सामान खराब हो गए।

Advertisement

उड़िया बस्ती में लगभग 22 साल से रह रहीं गीता बाथम ने बताया कि पानी तेजी से बढ़ने पर परिवार के सदस्यों को रातभर घर से पानी बाहर निकालना पड़ा। स्थिति यह थी कि घर में सोने की जगह नहीं बची और बिस्तर पूरी तरह गीला हो गया। उनकी रसोई में रखा आटा, चावल और अन्य खाने-पीने का सामान पानी में खराब हो गया, जबकि सब्जियां बहकर नाले में चली गईं। सुबह पानी उतरने के बाद घर में बिखरी गृहस्थी और खराब हो चुका राशन सामने था।

नगर निगम का अमला सोमवार दोपहर उन्हें खाना देकर गया था, लेकिन परिवार के सामने अब भोजन की व्यवस्था की चिंता है, क्योंकि घर में खाना बनाने के लिए कोई सामान नहीं बचा है। पानी भरने से घर का फर्श भी गीला हो गया है, और सीलन के कारण बैठने की जगह न होने पर परिवार ने तिरपाल बिछाकर व्यवस्था की है। बिस्तर और कपड़े भी पानी से प्रभावित हुए हैं, जिन्हें सुखाने का काम जारी है।

यह समस्या केवल गीता बाथम के परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि उड़िया बस्ती में रहने वाले लगभग हर परिवार को बारिश के कारण परेशानी झेलनी पड़ी है। पानी उतरने के बाद लोगों ने घरों की सफाई शुरू कर दी है, लेकिन दीवारों और घरों पर पानी भरने के निशान अभी भी दिखाई दे रहे हैं। कई घरों के सामने गंदगी भी जमा है।

उड़िया बस्ती के रहवासी जरनैल सिंह ने बताया कि वे करीब 18 साल से यहां रह रहे हैं और यह तीसरी बार है जब क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बनी है। उन्होंने कहा कि पहले सड़क की ऊंचाई कम थी, लेकिन सड़क बनने के बाद वह ऊंची हो गई, जिससे पानी घरों में भरने लगा है।

उड़िया बस्ती की एक अन्य रहवासी गुड्डी बाई ने बताया कि बारिश का पानी उनके घर में करीब डेढ़ फीट तक भर गया था। तीनों कमरों में पानी घुसने से गोदरेज, पलंग और गृहस्थी का पूरा सामान खराब हो गया। उन्होंने कल ही राशन खरीदा था, जो पानी में भीगकर खराब हो गया। पानी भरे होने के कारण सोने की जगह नहीं थी, इसलिए परिवार ने पूरी रात बैठकर गुजारी।

कला बाई ने बताया कि रविवार रात से हो रही बारिश के कारण सोमवार सुबह करीब छह बजे उनके घरों में पानी भर गया था। लगभग दो फीट तक पानी भरने से घर के अंदर रखा राशन का पूरा सामान खराब हो गया, जिसके कारण उन्हें खाने-पीने के लिए भी परेशानी हो रही है। उनके कपड़े भी गीले हो गए थे, जिन्हें अब सुखाया जा रहा है।

मंगलवार को दिनभर रिमझिम बारिश जारी रही, जिसके चलते शहर की कई सड़कों पर पानी भर गया और सड़कें छोटे तालाब जैसी नजर आईं। नालों पर अतिक्रमण और उनके संकरे होने से पानी की निकासी प्रभावित होती है। बारिश थमने के बाद भी कई इलाकों में पानी जमा रहा, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। मौसम विभाग ने 12 अगस्त को मानसून ट्रफ के प्रभाव से मौसम में बदलाव की जानकारी दी थी। इसके तहत, भोपाल से लेकर गुना-खंडवा तक कई जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया था।