बुलंद सोच, भोपाल।

शहर में तेज वर्षा के बीच सोमवार को पेट्रोल पंपों पर पानी मिला पेट्रोल मिलने से ग्राहकों ने हंगामा किया। जानकारी मिलते ही खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया। प्राथमिक जांच में पुरानी पाइप लाइनों से वर्षा का पानी पेट्रोल में मिलने का पता चला है। टीमों ने नमूने लेकर जांच के लिए कंपनी की प्रयोगशाला भेज दिए हैं, जिससे पानी मिलने के तरीके का पता चलेगा। पंप संचालकों ने करीब 100 से अधिक ग्राहकों को लगभग 19 हजार रुपये वापस दिलवाए हैं।
फैम फिलिंग पेट्रोल पंप पर शिकायत
भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अशोकागार्डन, पुष्पा नगर स्थित फैम फिलिंग पेट्रोल पंप पर सोमवार को ग्राहक दोपहिया वाहनों में पेट्रोल डलवाने पहुंचे। कर्मचारियों द्वारा पेट्रोल डालने के बाद कुछ दूर चलने पर वाहन झटके के साथ बंद होने लगे। ग्राहकों ने पेट्रोल को बोतल में निकाला तो उसमें आधा पानी और आधा पेट्रोल दिखा। इससे ग्राहकों ने पंप पहुंचकर हंगामा मचाया और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। सूचना मिलने पर खाद्य विभाग की टीम सहायक आपूर्ति अधिकारी अशोक सत्यार्थी के साथ पेट्रोल पंप पर पहुंची और बीपीसीएल के अधिकारियों को भी बुला लिया। टीम ने उनकी उपस्थिति में पेट्रोल के नमूने लिए और पाइप लाइन की जांच की। जांच के दौरान पता चला कि पाइप लाइन में कई जगहों पर जंग लगी हुई थी और छेद हो रहे थे, जिससे आशंका जताई जा रही है कि इन्हीं के जरिए वर्षा का पानी पेट्रोल में मिला होगा। नमूनों की जांच रिपोर्ट मिलने तक पानी कैसे मिला, इसकी पुष्टि नहीं की जा सकती है। फिलहाल, पंप संचालक ने 45 ग्राहकों को करीब 9 हजार रुपये वापस लौटाए हैं।
राजधानी पंप पर भी पानी मिला पेट्रोल
जहांगीराबाद स्थित बीपीसीएल के राजधानी पंप पर भी पानी मिला पेट्रोल मिलने की सूचना टीम को मिली थी। टीम पंप पर पहुंची और निरीक्षण किया, जिसमें ग्राहकों को पानी मिला पेट्रोल दिए जाने की पुष्टि हुई। यहां से भी पेट्रोल के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं। इस पंप पर संचालक द्वारा करीब 70 ग्राहकों से पेट्रोल वापस लेकर लगभग 10 हजार रुपये लौटाए गए हैं।
अन्य पंपों का निरीक्षण और अधिकारी का बयान
टीमों ने इन दोनों पंपों के अलावा शहर के अन्य पेट्रोल पंपों पर भी औचक निरीक्षण किया। जिला आपूर्ति नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन ने बताया कि शहर के दो पेट्रोल पंपों पर डीजल व पेट्रोल में पानी मिला हुआ आपूर्ति करने की सूचना मिली थी। टीमों को भेजकर जांच करवाई गई, जिसमें पुष्पा नगर और जहांगीराबाद स्थित बीपीसीएल के पंपों पर पेट्रोल में पानी मिलने की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि ग्राहकों को रुपये वापस दिलवाने के साथ ही अभी आपूर्ति रुकवा दी गई है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

