बुलंद सोच, भोपाल।

भोपाल के गौतम नगर इलाके में रविवार रात पारिवारिक रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। घर के पास कलारी के सामने 25 वर्षीय युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ चार वार कर उसकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की तीन टीमें दबिश दे रही हैं। मृतक की पहचान सचिन पंथी (25) पुत्र मुकेश पंथी के रूप में हुई है, जो गणेश मंदिर के पास, अटल अयूब नगर, थाना गौतम नगर का निवासी था। सचिन चौक बाजार की एक क्रॉकरी दुकान में सेल्समैन का काम करता था। परिवार में उसके पांच भाई और एक बहन है, जिसमें सचिन तीसरे नंबर पर था।
महिला उत्पीड़न और संपत्ति विवाद
मृतक के भाई छोटू ने आरोप लगाया है कि हत्या का आरोपी राकेश पंथी, जो रिश्ते में मृतक की बुआ का बेटा है, लंबे समय से परिवार की महिलाओं पर गलत नजर रखता था। छोटू के अनुसार, राकेश लगातार उसकी पत्नी पर अशोभनीय टिप्पणियां करता था, जिससे दोनों परिवारों के बीच तनाव बढ़ गया था। छोटू ने यह भी बताया कि करीब 20 साल पहले उनकी दादी ने मोहल्ले का एक मकान अपनी बुआ को दिया था। बाद में बुआ और फूफा ने वह मकान किसी और को बेच दिया था। लगभग दो महीने पहले उनके परिवार ने उसी मकान को दोबारा खरीद लिया। इसके बाद से आरोपी राकेश लगातार नाराज रहने लगा और परिवार के साथ विवाद करने लगा।
गृह प्रवेश पर अभद्र व्यवहार और धमकी
करीब 20 दिन पहले नए मकान में गृह प्रवेश हुआ था। उसी दिन आरोपी राकेश पंथी घर पहुंचकर छोटू की पत्नी के साथ अभद्र व्यवहार किया। इसके बाद वह रास्ते में आते-जाते फब्तियां कसता और टिप्पणियां करता था। विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी थी। भाई का कहना है कि आरोपी ने कई बार फोन कर सचिन को मिलने के लिए बुलाया, लेकिन वह नहीं गया। इसके बाद आरोपी ने धमकी दी थी कि “जो भी सामने मिलेगा, उसे खत्म कर दूंगा।”
वारदात का विवरण
रविवार रात सचिन अपने घर के पास स्थित कलारी की ओर गया था। आरोप है कि पहले से घात लगाए बैठे राकेश ने उसे रोक लिया और चाकू से पेट, सीने और पीठ पर ताबड़तोड़ चार वार किए। गंभीर रूप से घायल सचिन सड़क पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोग उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर गौतम नगर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आरोपी का आपराधिक इतिहास और पुलिस जांच
परिजनों का दावा है कि आरोपी राकेश पंथी पहले भी हत्या के एक मामले में जेल की सजा काट चुका है। इसी कारण उसके व्यवहार से पूरा परिवार पहले से भयभीत था। पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसके खिलाफ और कौन-कौन से मामले दर्ज हैं। परिवार का कहना है कि हत्या से पहले आरोपी लगातार फोन कर धमकियां दे रहा था। पुलिस अब दोनों पक्षों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और मोबाइल चैट की जांच करेगी, जिससे यह स्पष्ट करने की कोशिश होगी कि हत्या से पहले दोनों के बीच क्या बातचीत हुई और क्या धमकियां वास्तव में दी गई थीं। हत्या के बाद आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जांच के प्रमुख बिंदु
पुलिस फिलहाल दो प्रमुख बिंदुओं पर जांच कर रही है। पहला, महिला से छेड़छाड़ और कथित बुरी नजर को लेकर चल रहा विवाद। दूसरा, वर्षों पुराने मकान को लेकर उपजा पारिवारिक विवाद। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि हत्या पूर्व नियोजित थी या मौके पर विवाद बढ़ने के बाद वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है। थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं और तीन टीमें आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। परिजनों की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है।

