BREAKING NEWS
2026-07-29

मैहर में एनएच-30 पर अज्ञात वाहन ने 75 वर्षीय बुजुर्ग को कुचला, मौके पर मौत

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, मैहर।

राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर ग्राम नरौरा के पास एक हृदयविदारक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने 75 वर्षीय बुजुर्ग रामस्वरूप मिश्रा को टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर के कारण उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई और शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया, जिसके अवशेष सड़क पर दूर-दूर तक बिखर गए।

Advertisement

इस घटना का सबसे हृदयविदारक पहलू यह रहा कि क्षत-विक्षत शव सड़क पर पड़ा रहा और अन्य वाहन उतनी ही रफ्तार से उसके ऊपर से गुजरते रहे, जिससे शव की हालत और भी खराब हो गई।

सुबह करीब 5 बजे टहलने और काम पर निकले लोगों ने जब यह भयावह दृश्य देखा तो वे सन्न रह गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रामस्वरूप मिश्रा सड़क किनारे पैदल जा रहे थे तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक न तो रुका और न ही घायल बुजुर्ग की मदद की, बल्कि वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। कुछ ही देर में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने डायल-112 तथा हाईवे पेट्रोलिंग टीम को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल मैहर पहुंचाया। कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार वाहन व चालक की तलाश में जुटी है।