BREAKING NEWS

बालाघाट के लांजी में सेवानिवृत्त शिक्षक के घर बंदूक की नोक पर लूट, तीन आरोपित कैमरे में कैद

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, बालाघाट।

बालाघाट जिले के लांजी थाना क्षेत्र के ग्राम कुलपा में दिनदहाड़े सेवानिवृत्त शिक्षक शत्रुघ्न लिल्हारे के घर में बंदूक की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया।

Advertisement

लूट की इस घटना को अंजाम देने वाले आरोपित सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं, जिनकी तलाश पुलिस ने शुरू कर दी है। आमगांव से फ्रिज सुधारने के लिए दो मैकेनिक गांव आए थे। फ्रिज सुधारने के बाद मैकेनिक चाय पी रहे थे, तभी चार अन्य लोग वहां पहुंचे। इन लोगों ने शत्रुघ्न लिल्हारे से उनके घर में मोबाइल टावर लगाने के लिए जमीन देखने की बात कही।

एक व्यक्ति गेट के पास ही खड़ा रहा और आधार कार्ड व बैंक पासबुक की छायाप्रति मांगी। चाय पीने के बाद तीन लोग बाड़ी में जमीन की नापजोख करने चले गए। बाद में वे घर के अंदर आकर बैठ गए और शत्रुघ्न लिल्हारे की पत्नी कमला बाई लिल्हारे को भी बुला लाए। दोनों को कुर्सी से बांधकर मारपीट करना शुरू कर दिया गया। कमला बाई द्वारा विरोध करने पर उनके मुंह में रॉड व कपड़ा भर दिया गया।

आरोपितों ने कमला बाई के कान और गले से जेवर उतार लिए। उन्होंने अलमारी में रखे पुराने जेवर व एक लाख अस्सी हजार रुपये नकद भी लूट लिए और मौके से फरार हो गए। इस दौरान एक बंदूक से जिंदा कारतूस नीचे गिर गया।

पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर डॉग स्क्वाड की मदद से आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। क्षेत्र में लगे कई सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए, जिनमें से एक कैमरे में लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद तीन आरोपित एक बाइक पर सवार होकर महाराष्ट्र की ओर जाते हुए कैद हुए हैं।

बाइक चला रहे एक युवक ने कपड़ा बांधा हुआ है, जबकि बीच में व पीछे बैठे युवकों ने मास्क लगाया हुआ है। पुलिस इन आरोपितों तक पहुंचने के लिए महाराष्ट्र पुलिस की भी मदद ले रही है।

पीड़ितों ने बताया है कि आरोपितों ने टावर लगाने के लिए जमीन का नापजोख लेने आने की बात कही थी।

गौरतलब है कि लांजी क्षेत्र में बहुचर्चित डबल मनी का मामला उजागर होने के बाद से इस तरह की आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं।

लांजी तहसील मुख्यालय में 28 जून की रात सात से आठ बजे के बीच सराफा व्यवसायी कपिल आसटकर अपने घर जा रहे थे, तभी बाइक सवार बदमाशों ने बंदूक की नोक पर जेवरों से भरा बैग लूट लिया था। उस मामले के आरोपित अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।