BREAKING NEWS
2026-07-25

बीयू कुलगुरु का अतिरिक्त प्रभार अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन को

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

मध्य प्रदेश राजभवन ने बरकतउल्ला विश्वविद्यालय (बीयू) के कुलगुरु पद के दायित्वों में एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। विश्वविद्यालय के कुलगुरु पद का कार्य संभाल रहे संकायाध्यक्ष प्रोफेसर विवेक शर्मा का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है।

Advertisement

वहीं, मध्य प्रदेश शासन, उच्च शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन को बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के कुलगुरु पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

राज्यपाल एवं बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मंगुभाई पटेल के आदेशानुसार, राजभवन (लोक भवन) द्वारा इस संबंध में आधिकारिक आदेश 23 जुलाई 2026 को जारी कर दिया गया है।

प्रोफेसर विवेक शर्मा ने 22 जुलाई 2026 को अपने पद से त्याग-पत्र प्रस्तुत किया था, जिसे कुलाधिपति द्वारा तत्काल प्रभाव से मंजूर कर लिया गया है।

राजभवन द्वारा जारी निर्देश के तहत, विश्वविद्यालय में नए नियमित कुलगुरु की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होने तक यह अस्थाई व्यवस्था लागू रहेगी। वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अनुपम राजन अपने वर्तमान पद (अपर मुख्य सचिव, उच्च शिक्षा विभाग, मंत्रालय) की जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के साथ-साथ आगामी आदेश तक कुलगुरु पद का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।