BREAKING NEWS
2026-08-14

बुरहानपुर में 13 देसी पिस्टल और 45 कारतूस के साथ एक तस्कर गिरफ्तार

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, बुरहानपुर।

अवैध हथियारों का गढ़ माने जाने वाले पाचोरी गांव से एक बार फिर अवैध हथियारों का बड़ा जखीरा बाहर भेजने की तैयारी थी। मुखबिर की सूचना पर खकनार थाना पुलिस ने तस्कर को फरार होने से पहले दबोच लिया।
पुलिस ने बड़वानी जिले के औझर नागलवाड़ी के रहने वाले तस्कर शक्ति सिंह पटवा के पास से 13 देसी पिस्टल, एक मैग्जीन और 45 कारतूस बरामद किए हैं। पिस्टल, कारतूस और बाइक को मिलाकर आरोपित से कुल 4.72 लाख रुपये का माल बरामद किया गया है।
उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपित को रिमांड पर ले रही है। उससे पूछताछ के बाद ही यह पता चल सकेगा कि ये हथियार कहां भेजे जा रहे थे।

Advertisement

कारतूसों की बरामदगी ने बढ़ाई चिंता

मंगलवार को एडिशनल एसपी प्रदीप शेंडे और थाना प्रभारी अभिषेक जाधव ने यह जानकारी दी। पाचोरी में बने अवैध पिस्टल मध्य प्रदेश के साथ ही उत्तर प्रदेश, पंजाब, दिल्ली और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में भेजे जाते हैं।
अब तक पुलिस तस्करों से केवल पिस्टल ही बरामद करती रही है। यह पहला अवसर है जब इतनी बड़ी मात्रा में कारतूस भी बरामद किए गए हैं। कारतूसों की बरामदगी ने पुलिस की चिंता को बढ़ा दिया है।
माना जा रहा है कि अब पाचोरी के सिकलीगर देसी पिस्टल के साथ कारतूस भी बनाने लगे हैं। यदि यह बात सच साबित हुई तो यह न केवल बुरहानपुर पुलिस बल्कि विभाग के आला अधिकारियों के लिए भी बड़ी चिंता का विषय बन सकता है।

बीते वर्षों के आंकड़े

थाना प्रभारी अभिषेक जाधव ने बताया कि बीते एक साल में तस्करों से 47 देसी पिस्टल, छह मैग्जीन और 45 कारतूस बरामद किए गए हैं।
बीते तीन साल के आंकड़ों पर नजर डालें तो इस अवधि में 150 से ज्यादा देसी पिस्टल पकड़े जा चुके हैं। इस दौरान बीस से ज्यादा प्रकरण दर्ज किए गए हैं और पचास से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस दल में शामिल सदस्य

थाना प्रभारी ने बताया कि इस कार्रवाई में उनके साथ उप निरीक्षक सुरेन्द्र सिंह राजपूत, एएसआई पवन देशमुख, प्रधान आरक्षक सतीष सुर्यवंशी, अजय अजनारे, चालक रुपेश शर्मा, आरक्षक विजेन्द्र देवल्ये, कैलाश मोरे, सुनील धुर्वे, जितेन्द्र चौहान, अर्जुन कसुमरिया, रविन्द्र काजले और गोविन्दा मुजाल्दे शामिल थे।