बुलंद सोच, चंदला।
चंदला क्षेत्र में एक कथित यूट्यूबर की विवादित हरकत के बाद से सामाजिक माहौल गरमा गया है और क्षेत्र में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई है। यह मामला एक मानसिक रूप से विक्षिप्त और दृष्टिहीन ब्राह्मण को झांसा देकर चिकन खिलाने और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने से संबंधित है। घटना सामने आने के बाद स्थानीय निवासियों और विभिन्न संगठनों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
यूट्यूबर पर आरोप
जानकारी के अनुसार, चंदला क्षेत्र में निवास करने वाले एक मानसिक रूप से अस्वस्थ और दृष्टिहीन ब्राह्मण समुदाय के व्यक्ति को स्थानीय कथित यूट्यूबर भगवानदास अहिरवार ने निशाना बनाया। आरोप है कि कथित यूट्यूबर ने उक्त बेबस और असहाय व्यक्ति की शारीरिक व मानसिक स्थिति का फायदा उठाते हुए उसे धोखे से चिकन खिलाया।
पीड़ित की स्थिति और घटनाक्रम
शिकायत के अनुसार, चंदला थाना क्षेत्र के भवानीपुर निवासी तुलसीदास द्विवेदी मानसिक रूप से बीमार हैं और दोनों आंखों से दृष्टिहीन हैं। पिछले दो वर्षों से परिवार के लोग उन्हें बांधकर रख रहे थे, और वह हाल ही में चार दिन पहले छूटकर चंदला की ओर आ गए थे। इसी दौरान स्थानीय कथित यूट्यूबर के द्वारा उन्हें शाकाहारी भोजन के नाम पर चिकन खिला दिया गया।
वीडियो वायरल और जनाक्रोश
इतना ही नहीं, इस पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया गया, जो देखते ही देखते तेज़ी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही स्थानीय लोगों की भावनाएं आहत हुईं और क्षेत्र में जनाक्रोश फैल गया।
पुलिस में शिकायत और मांगें
घटना से नाराज़ दर्जनों स्थानीय नागरिक और सामाजिक संगठन चंदला थाना पहुंचे। उन्होंने यूट्यूबर के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए पुलिस को लिखित आवेदन सौंपा। शिकायत में मांग की गई है कि संबंधित यूट्यूबर पर धार्मिक और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की नीयत से काम करने की धाराओं में मामला दर्ज किया जाए। इसके अतिरिक्त, मानसिक रूप से अक्षम और दृष्टिहीन व्यक्ति के अधिकारों व मर्यादा का हनन करने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई हो। लोगों ने शिकायत में यह भी मांग की है कि उक्त वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से तुरंत हटवाया जाए और आरोपी पर जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई की जाए।
