BREAKING NEWS
2026-08-01

मध्य प्रदेश में 7 अगस्त से ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान’ का शंखनाद, छिंदवाड़ा में पहला ‘समाधान कार्यक्रम’

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

मध्य प्रदेश में आगामी 7 अगस्त से ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान’ का शंखनाद होने जा रहा है। इस अभियान का पहला जिला स्तरीय ‘समाधान कार्यक्रम’ छिंदवाड़ा जिले में आयोजित किया जाएगा।

Advertisement

मुख्यमंत्री की सीधी समीक्षा

इस विशेष दरबार में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वयं CM हेल्पलाइन में दर्ज चुनिंदा शिकायतों की समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय ने अधिकारियों को सख्त लहजे में निर्देश दिए हैं कि शिकायतों का निपटारा केवल कागजों पर नहीं, बल्कि जमीन पर वास्तविक होना चाहिए।

समस्याओं के चयन और समाधान की प्रक्रिया

लोक सेवा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई ने छिंदवाड़ा कलेक्टर को तैयारियां शुरू करने के निर्देश जारी किए हैं। शिकायतों को चुनने के लिए जिले के अलग-अलग विभागों से जुड़ी लगभग 20 से 25 शिकायतें 3 अगस्त तक तय की जाएंगी। इन सभी चयनित शिकायतों की निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई पूरी करके 5 अगस्त तक जिला कलेक्टर द्वारा समाधान की रिपोर्ट ‘CM हेल्पलाइन पोर्टल’ पर अपलोड कर दी जाएगी।

मुख्यमंत्री के समक्ष सीधी पड़ताल

कलेक्टर द्वारा दर्ज कराए गए समाधान के आधार पर अंत में 5 सबसे अहम शिकायतों का अंतिम चयन किया जाएगा। छिंदवाड़ा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री खुद इन 5 मामलों की फाइल खोलेंगे। इस दौरान शिकायतकर्ता भी मुख्यमंत्री के सामने मौजूद रहेंगे। वह सीधे पीड़ितों से बात करेंगे। साथ ही मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों से समाधान जानेंगे, ताकि अधिकारियों की जवाबदेही तय की जा सके।

आगामी कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस

15 अगस्त के बाद कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस का आयोजन होगा। इस कॉन्फ्रेंस की समीक्षा मुख्यमंत्री मोहन यादव और नए मुख्य सचिव करेंगे।