बुलंद सोच।

भारतीय खिलाड़ी कॉमनवेल्थ गेम्स के पांचवें दिन स्विमिंग, एथलेटिक्स, वेटलिफ्टिंग, बॉक्सिंग और पैरा स्विमिंग में चुनौती पेश करेंगे। टीम की सबसे ज्यादा उम्मीदें वेटलिफ्टिंग से रहेंगी।
वेटलिफ्टिंग में गोल्ड की उम्मीदें
वेटलिफ्टिंग में निरुपमा देवी सेरम महिला 63 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में गोल्ड के लिए उतरेंगी। इसके बाद हरजिंदर कौर महिला 69 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में गोल्ड के लिए चुनौती पेश करेंगी। निरुपमा देवी सेरम का मुकाबला शाम 6:30 बजे होगा। हरजिंदर कौर रात 11 बजे चुनौती देंगी।
कुल 27 गोल्ड मेडल इवेंट्स
दिनभर में कुल 27 गोल्ड मेडल इवेंट्स होंगे। इनमें सबसे ज्यादा 10 स्विमिंग और पैरा स्विमिंग में, 6 एथलेटिक्स और पैरा एथलेटिक्स में, 5 आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स में, 3 वेटलिफ्टिंग में और 3 लॉन बॉल्स एंड पैरा बॉल्स में होंगे।
स्विमिंग में भारतीय खिलाड़ी
स्विमिंग में दोपहर 3:26 बजे साजन प्रकाश पुरुष 50 मीटर बटरफ्लाई हीट्स में उतरेंगे। वहीं, 4:41 बजे श्रीहरि नटराज पुरुष 100 मीटर बैकस्ट्रोक हीट्स खेलेंगे। कार्तिक बुडीगिना और अली इमाम पुरुष 50 मीटर फ्रीस्टाइल S13 हीट्स में शाम 4:57 बजे हिस्सा लेंगे। क्वालिफाई करने पर कार्तिक और अली इमाम रात 11:37 बजे फाइनल खेलेंगे। साजन प्रकाश 12:50 बजे और श्रीहरि नटराज 1:33 बजे सेमीफाइनल में उतरेंगे।
एथलेटिक्स में मुकाबले
एथलेटिक्स में शाम 4:30 बजे विशाल टीके और राजेश रमेश पुरुष 400 मीटर हीट्स दौड़ेंगे। रात 11:35 बजे पूजा सिंह महिला हाई जंप फाइनल खेलेंगी। गुलवीर सिंह पुरुष 10,000 मीटर फाइनल में रात 12:55 बजे पदक के लिए चुनौती पेश करेंगे।
बॉक्सिंग के क्वार्टरफाइनल मुकाबले
बॉक्सिंग में भारत के चार क्वार्टरफाइनल मुकाबले होंगे। रात 10:30 बजे प्रीति पवार महिला 54 किलोग्राम वर्ग के क्वार्टरफाइनल में नॉर्दर्न आयरलैंड की बॉक्सर से भिड़ेंगी। प्रिया घंघास महिला 60 किलोग्राम वर्ग के क्वार्टरफाइनल में रात 11 बजे स्कॉटलैंड की खिलाड़ी का सामना करेंगी। परवीन हुड्डा महिला 65 किलोग्राम वर्ग के क्वार्टरफाइनल में रात 11:30 बजे इंग्लैंड की बॉक्सर से भिड़ेंगी। जदुमणि सिंह पुरुष 55 किलोग्राम वर्ग के क्वार्टरफाइनल में 12:15 बजे और कपिल पोखरिया पुरुष 90 किलोग्राम वर्ग के क्वार्टरफाइनल में 1:30 बजे उतरेंगे।

