BREAKING NEWS
2026-07-27

वृंदावन VIP ट्रीटमेंट विवाद पर दीपिका सिंह ने दी प्रतिक्रिया

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच।

टीवी अभिनेत्री दीपिका सिंह ने वृंदावन मंदिर में वीआईपी ट्रीटमेंट मिलने के आरोपों पर प्रतिक्रिया व्यक्त की है। यह प्रतिक्रिया हाल ही में पति रोहित राज गोयल और बच्चों के साथ वृंदावन दर्शन के दौरान वायरल हुए एक वीडियो को लेकर उठे विवाद के बीच आई है।
रविवार को दीपिका सिंह ने इंस्टाग्राम पर एक नया वीडियो साझा करते हुए कहा कि पूरा सच सामने है और लोगों को पूरी जानकारी के बिना आरोप नहीं लगाने चाहिए। दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में कुछ यूजर्स ने आरोप लगाया था कि उन्हें मंदिर में वीआईपी ट्रीटमेंट दिया गया, जबकि उनके सामने खड़ी एक बुजुर्ग महिला की अनदेखी की गई।
विवाद बढ़ने पर दीपिका सिंह ने अपने इंस्टाग्राम वीडियो के साथ एक इन्फ्लुएंसर को टैग करते हुए लिखा, “यह सब @glam_with_nishitwins (निशा बंसल) ने मेरी और पुजारी जी की ट्रोलिंग से शुरू किया था, लेकिन मैं उन्हें पूरी सच्चाई दिखाने की कोशिश कर रही हूं।”
उन्होंने आगे लिखा कि इससे इन्फ्लुएंसर को भी ज्यादा व्यूज और फॉलोअर्स मिलेंगे और वह बाद में उन्हें धन्यवाद कह सकती हैं, साथ ही उन्होंने कहा कि सबूत सबके सामने है और बुजुर्ग महिला को भी प्रसाद मिला था। दीपिका सिंह ने यह भी लिखा, “असली प्रसाद: सही सोच, शुद्ध मन, अहंकार का त्याग, किसी पर बिना जाने उंगली न उठाना, शांति और अपने हक के लिए खड़े होने की शक्ति।” उन्होंने सवाल किया कि दो बच्चों को देखकर दिया गया प्रेम क्या पाप है, क्योंकि बच्चे भी भगवान श्रीकृष्ण (गोपाल जी) का ही रूप हैं।
इन्फ्लुएंसर पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने लिखा, “@glam_with_nishitwins, आप और आपके जैसे लोग ऐसी रील बनाकर भक्तों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।” दीपिका सिंह ने कहा कि जो लोग अभी-अभी भक्ति के रास्ते पर चले हैं, उनका मन इससे टूट सकता है और इसलिए भक्तों की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने इन्फ्लुएंसर से सिर्फ व्यूज और फॉलोअर्स पाने के लिए लोगों को गुमराह न करने का आग्रह करते हुए “राधे-राधे” लिखा।
दीपिका सिंह द्वारा साझा किए गए वीडियो में मंदिर के पुजारी उन्हें अंगवस्त्र, फूलों की माला और प्रसाद देते हुए दिखाई देते हैं। वीडियो में बच्चों को बांसुरी भी भेंट की जाती है। साझा किए गए वीडियो में सामने खड़ी बुजुर्ग महिला को भी प्रसाद मिलता हुआ दिखाई देता है।
इंस्टाग्राम पर निशा बंसल ने दीपिका का वीडियो साझा करते हुए लिखा था, “कुछ तो शर्म कर लो, धर्म के ठेकेदारों। वो एक बूढ़ी मां है। उसकी उम्र खड़े होने लायक नहीं थी। इनको माला, बांसुरी, इत्र, सब सेवा, उसके नसीब प्रसाद भी नहीं।”

Advertisement

दीपिका सिंह का करियर

दीपिका सिंह को साल 2011 में स्टार प्लस के सुपरहिट शो ‘दीया और बाती हम’ से टीवी डेब्यू के बाद पहचान मिली थी। इस शो में उन्होंने आईपीएस अधिकारी संध्या राठी का किरदार निभाया था।
इसके बाद उन्होंने वेब सीरीज ‘द रियल सोलमेट’ और टीवी शो ‘कवच: महाशिवरात्रि’ में काम किया। साल 2022 में दीपिका सिंह ने फिल्म ‘टीटू अंबानी’ से बॉलीवुड में कदम रखा।