बुलंद सोच।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर जेन Z की प्रशंसा की। वीडियो में सोनाक्षी ने कहा कि उन्होंने पहले जेन Z को हल्के में लिया था, लेकिन अब उनकी सोच बदल गई है। उन्होंने कैमरे के सामने कान पकड़कर दंड-बैठक भी की और अपनी इच्छा व्यक्त की कि वह अब जेन Z जैसी बनना चाहती हैं। सोनाक्षी ने वीडियो में कहा, “भाई, आप जानते नहीं हो, आपने आज क्या किया है। ब्रो, मैं तो आर्टिस्ट हूं, लेकिन जेन Z आर्ट है। पता है, मैं जेन Z को बहुत हल्के में लेती थी।”
कई इंस्टाग्राम पोस्ट किए
इससे पहले, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद सोनाक्षी सिन्हा ने लगातार इंस्टाग्राम पर कई पोस्ट साझा किए थे। एक पोस्ट में उन्होंने लिखा था, “धर्मेंद्र प्रधान ने रिजाइन कर दिया।” एक अन्य इंस्टाग्राम स्टोरी में उन्होंने प्रदर्शन कर रहे छात्रों की तस्वीर साझा की, जिसके बैकग्राउंड में फिल्म धुरंधर का गाना “आरी आरी” बजता सुनाई दे रहा था। इसके अतिरिक्त, उन्होंने CJP नेता अभिजीत दिपके का एक वीडियो भी साझा किया और लिखा, “भाई, क्या कह दिया?” साथ ही उन्होंने सोनम वांगचुक को धन्यवाद दिया।
छात्रों के समर्थन में पहले भी जताई थी राय
सोनाक्षी सिन्हा इससे पहले भी सोशल मीडिया पर छात्रों के समर्थन में अपनी राय रख चुकी हैं। उन्होंने छात्रों के लिए न्याय की मांग की थी। इसके अलावा, उन्होंने भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक का समर्थन करते हुए सरकार से सवाल भी उठाए थे।
पारुल गुलाटी ने मनाया जश्न
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद अभिनेत्री और उद्यमी पारुल गुलाटी का सोशल मीडिया पोस्ट भी चर्चा में रहा। पारुल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह जश्न मनाती नजर आ रही हैं। वीडियो पर लिखा था, “हम मालकिन हॉस्टल में धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा ऐसे मना रहे हैं।”
अभिजीत दिपके ने CJI सूर्यकांत का किया शुक्रिया
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को अपने पद से इस्तीफा दिया। प्रधान के इस्तीफे के लिए CJP नेता अभिजीत दिपके ने CJI सूर्यकांत का शुक्रिया अदा किया। दिपके ने कहा, “अगर आपने हमें कॉकरोच न कहा होता, तो युवा सड़कों पर नहीं होते। प्रधान ने इस्तीफा न दिया होता।”
अन्य सेलेब्स की प्रतिक्रिया
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद आलिया भट्ट, प्रियंका चोपड़ा, शबाना आजमी, प्रकाश राज, स्वरा भास्कर और भूमि पेडनेकर समेत कई सेलेब्स ने प्रतिक्रिया दी।

