बुलंद सोच।

हरियाणवी सिंगर और डांसर सपना चौधरी जाट आंदोलन दंगों के भगोड़े धर्मेंद्र हुड्डा के वीडियो के बाद अश्लील कंटेंट विवाद में घिर गईं। धर्मेंद्र हुड्डा ने एक वीडियो जारी कर सपना चौधरी पर हरियाणा की लड़कियों को बिगाड़ने का आरोप लगाया था। हुड्डा ने कहा था कि हरियाणा में डांस और सोशल मीडिया के जरिए जो अश्लीलता और फूहड़ता फैल रही है, उसके लिए कुछ एक्ट्रेस और डांसर जिम्मेदार हैं। इसके बाद इस मुद्दे पर चर्चा के लिए खापों ने एक महापंचायत बुलाई थी। यह पंचायत हरियाणा के महम चबूतरे पर हुक्के और अश्लील कंटेंट पर केंद्रित रही।
पति वीर साहू का समर्थन
इस विवाद के बीच सपना चौधरी के समर्थन में उनके पति वीर साहू सामने आए। रोहतक के महम चौबीसी में हुई खाप पंचायत के बाद वीर साहू ने कहा कि महम चौबीसी के चबूतरे की अपनी मर्यादा है। उन्होंने कहा कि अगर यहां आकर कोई निजी खुंदक निकालता है, तो उससे ज्यादा जलील आदमी कोई नहीं हो सकता। वीर साहू ने यह भी कहा कि खाप के मंच का इस्तेमाल किसी को भी अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए नहीं करना चाहिए। उन्होंने धर्मेंद्र हुड्डा के बारे में कहा कि सोशल मीडिया पर अपनी बात रखने का उनका एक अलग तरीका रहा है, लेकिन उन्हें अपनी भाषा की मर्यादा बनाए रखनी चाहिए। वीर साहू ने स्पष्ट किया कि विरोध करना हर किसी का अधिकार है, लेकिन उसका भी एक तरीका होता है। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी धर्मेंद्र हुड्डा से कोई निजी बातचीत या संपर्क नहीं है।

घरेलू हिंसा का आरोप और कोर्ट का रुख
विवाद तब सार्वजनिक हुआ, जब सपना चौधरी ने दिल्ली की द्वारका महिला कोर्ट में घरेलू हिंसा अधिनियम के तहत एक याचिका दायर की। उन्होंने आरोप लगाया कि वैवाहिक जीवन के दौरान उनके साथ कई बार मारपीट और दुर्व्यवहार किया गया। सपना चौधरी का कहना है कि हालात इतने बिगड़ गए थे कि उन्हें अपना ससुराल छोड़ना पड़ा। सपना की ओर से एडवोकेट प्रीति सिंह ने कोर्ट में दलील दी कि उनकी फिल्म ‘मोमाकू’ जल्द रिलीज होने वाली है और उसका प्रीमियर भी होने वाला है। एडवोकेट ने कहा कि ऐसे में सपना को सुरक्षा की जरूरत है, क्योंकि वीर साहू किसी सार्वजनिक कार्यक्रम या फिल्म के प्रीमियर में पहुंचकर हंगामा कर सकते हैं। इससे सपना की सुरक्षा और उनके काम पर असर पड़ सकता है। न्यायिक मजिस्ट्रेट निधि सिंह ने आदेश दिया कि अगली सुनवाई तक वीर साहू किसी भी माध्यम से सपना चौधरी से संपर्क नहीं करेंगे। उन्हें सपना के घर, कार्यस्थल या उनके आसपास जाने से भी रोका गया है। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रतिवादी किसी भी प्रकार की घरेलू हिंसा या उत्पीड़न नहीं करेंगे। कोर्ट ने संबंधित प्रोटेक्शन ऑफिसर और स्थानीय थाना प्रभारी (SHO) को आदेश दिया कि वे अदालत के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें।
खाप पंचायत में अश्लीलता पर चर्चा
हरियाणा के महम चबूतरे पर हुई पंचायत में कलाकारों और खाप प्रतिनिधियों ने अश्लीलता और सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएशन पर कई सुझाव दिए। पंचायत में एक हरियाणवी सिंगर ने कहा कि अश्लील डांस देखने वाले इसी पंचायत में बैठे हैं। खाप प्रधान ने कहा कि फोन खोलते ही गंद दिखता है और लड़कियां किसी के साथ भी भाग रही हैं।


