बुलंद सोच, भोपाल।
मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (एमपीईएसबी) ने ग्रुप-2 उपसमूह-4 संयुक्त भर्ती परीक्षा-2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। इस भर्ती के तहत कुल 2306 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें 61 विभागों और संस्थाओं में 2106 पद तथा दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए पटवारी के 200 पद सम्मिलित हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 18 अगस्त तक आधिकारिक वेबसाइट www.esb.mp.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। पटवारी के 200 पदों पर भर्ती भी इसी संयुक्त परीक्षा के माध्यम से की जाएगी। पटवारी पद के लिए पात्रता, आयु सीमा और चयन संबंधी नियम पृथक से लागू होंगे। भर्ती परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी।
महत्वपूर्ण तिथियां
ऑनलाइन आवेदन 4 अगस्त 2026 से प्रारंभ हुए हैं, जिसकी अंतिम तिथि 18 अगस्त 2026 निर्धारित है। आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 23 अगस्त 2026 है, जबकि परीक्षा 22 सितंबर 2026 से प्रारंभ होगी।
पात्रता मानदंड
उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री होना अनिवार्य है। इसके अतिरिक्त, कंप्यूटर ज्ञान अथवा सीपीसीटी स्कोर कार्ड भी आवश्यक है। हालांकि, पटवारी पद पर चयनित अभ्यर्थियों को प्रोबेशन अवधि के तीन वर्ष के भीतर सीपीसीटी परीक्षा उत्तीर्ण करने की छूट प्रदान की गई है। मध्य प्रदेश के रोजगार कार्यालय में जीवित पंजीयन भी अनिवार्य होगा। भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्गों को शासन के नियमानुसार आयु सीमा में छूट का लाभ मिलेगा।
आवेदन शुल्क
सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये निर्धारित है। वहीं, मध्य प्रदेश के मूल निवासी एससी, एसटी, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए यह शुल्क 250 रुपये रहेगा। एमपी ऑनलाइन कियोस्क के माध्यम से आवेदन करने पर 60 रुपये तथा रजिस्टर्ड सिटीजन यूजर के माध्यम से आवेदन करने पर 20 रुपये अतिरिक्त सेवा शुल्क देय होगा।
चयन प्रक्रिया
भर्ती के लिए 200 अंकों की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) आयोजित की जाएगी। प्रश्नपत्र में सामान्य विज्ञान, सामान्य हिंदी, सामान्य अंग्रेजी, सामान्य गणित, रीजनिंग, सामान्य ज्ञान एवं अभिरुचि, कंप्यूटर ज्ञान तथा सामान्य प्रबंधन से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। लिखित परीक्षा में प्राप्त मेरिट और संबंधित विभाग द्वारा दस्तावेज सत्यापन के आधार पर अंतिम चयन किया जाएगा।
पदों का विवरण
पदों के विवरण के अनुसार, मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड (सहायक उप निरीक्षक सहित) में 530 पद, पंचायत राज संचालनालय में 373 पद, एमपी स्टेट सिविल सप्लाइज कार्पोरेशन में 118 पद, आयुक्त सहकारिता में 105 पद, महिला एवं बाल विकास विभाग में 88 पद, उद्योग संचालनालय में 45 पद तथा अन्य विभाग एवं संस्थानों में 1,047 पद शामिल हैं।

