बुलंद सोच, इंदौर।
इंदौर। शहर में नकली पुलिसकर्मियों ने यूएसडीटी (टेथर) की खरीद-फरोख्त में फंसाने की धमकी देकर युवकों से सात लाख रुपये नकदी लूट लिए। यह घटना पलासिया थाना के समीप अपना स्वीट्स के सामने मंगलवार रात को हुई, जिससे पुलिस भी सकते में आ गई।
पीड़ितों ने दर्ज कराई शिकायत
देर रात हर्ष और अभय तिवारी थाने पहुंचे और पुलिस को बताया कि दो युवकों ने खुद को क्राइम ब्रांच का पुलिसकर्मी बताकर उन्हें लूटा है।
यूएसडीटी खरीद-फरोख्त का मामला
पुलिस के अनुसार, जबलपुर निवासी हर्ष यूएसडीटी खरीदने-बेचने का काम करता है। उसने अपनी दादी के खाते से रुपये ट्रांसफर करवाए थे। अभय ने एक परिचित से सस्ती यूएसडीटी खरीदने की बात कही थी।
वारदात का तरीका
मंगलवार रात को अभय अपने दोस्त साफिन के साथ पलासिया पहुंचा और दो अन्य युवकों को बुलाया। जब अभय और साफिन अंधेरे में नोट गिन रहे थे, तभी दो लोग वहां आ धमके। उन्होंने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया और युवकों को अवैध काम में गिरफ्तार करने की धमकी दी। आरोपितों ने उन्हें थाने ले जाने की बात कही, जिससे अभय और साफिन घबरा गए। इसके बाद आरोपित रुपये लेकर फरार हो गए।
पुलिस जांच जारी
घटना के बाद हर्ष ने थाने जाकर टीआई सुरेंद्रसिंह रघुवंशी को पूरी वारदात बताई। पुलिस ने बुधवार को सीसीटीवी फुटेज और काल डिटेल निकलवाई है। फिलहाल, पुलिस तीन युवकों से पूछताछ कर रही है। टीआई सुरेंद्रसिंह रघुवंशी ने हर्ष, साफिन और अभय से भी पूछताछ की, लेकिन कुछ सवालों के जवाब नहीं मिल पाए। यूएसडीटी बेचने वाले युवकों से वाट्सएप कॉल पर बात हुई थी। पुलिस को यह पूरी घटना संदिग्ध लग रही है।

