बुलंद सोच, भोपाल।
राज्य सरकार ने यात्री बसों के किराये में कम से कम 60 प्रतिशत तक की वृद्धि की है। साधारण बसों का प्रति किलोमीटर किराया सवा रुपये से बढ़ाकर दो रुपये किया गया है।
न्यूनतम किराया अब 10 रुपये निर्धारित किया गया है, जो पहले सात रुपये था। यह वृद्धि पांच वर्ष बाद की गई है।
बिना एसी वाली डीलक्स बसों का किराया सामान्य बसों से 25 प्रतिशत अधिक होगा, जबकि एसी डीलक्स बस का किराया 50 प्रतिशत अधिक रखा गया है।
सर्वाधिक किराया सुपर लग्जरी कोच (एसी) का है, जो सामान्य बसों से 75 प्रतिशत अधिक होगा। ऐसी बसों की संख्या हालांकि बहुत कम होती है।
डीलक्स, स्लीपर और लग्जरी बसों पर कोई अतिरिक्त नाइट चार्ज नहीं लगेगा। एक्सप्रेस बस सेवाओं के लिए भी यात्रियों से कोई अतिरिक्त किराया नहीं लिया जाएगा।
इससे पहले 20 अप्रैल, 2021 को किराये में बढ़ोतरी की गई थी।
बस आपरेटरों की मांगें और अधिसूचना
बस आपरेटरों के विभिन्न संगठनों ने संयुक्त रूप से किराया वृद्धि सहित सात मांगों को लेकर सात अगस्त की रात 12 बजे से आंदोलन की चेतावनी दी थी।
सरकार ने बुधवार को किराया बढ़ाने के संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है, जिसके साथ ही किराये में वृद्धि प्रभावी हो गई है।
बस आपरेटर संगठनों के पदाधिकारियों ने बताया कि अन्य मांगों के संबंध में अभी सरकार से बातचीत चल रही है। उन्होंने कहा कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन का निर्णय लिया जाएगा।
प्राइम रूट बस आनर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद शर्मा ने कहा कि सरकार ने लंबे समय से चली आ रही मांग को मान लिया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 में जब किराया बढ़ा था, तब डीजल 79 रुपये लीटर था, जो अब 100 रुपये हो गया है।
विभिन्न श्रेणियों के किराये की दरें
विभिन्न श्रेणी के किराये में अधिकतम बढ़ोतरी इस प्रकार है: साधारण बस का किराया दो रुपये प्रति किलोमीटर और न्यूनतम 10 रुपये होगा।
रात्रि बस सेवा का किराया सामान्य किराये से 10 प्रतिशत अधिक होगा। डीलक्स बस (नान एसी) का किराया सामान्य किराये से 25 प्रतिशत अधिक रहेगा।
स्लीपर बस का किराया सामान्य किराये से 40 प्रतिशत अधिक होगा। एसी डीलक्स बस का किराया सामान्य किराये से 50 प्रतिशत अधिक निर्धारित किया गया है।
सुपर लग्जरी कोच (एसी) का किराया सामान्य किराये से 75 प्रतिशत अधिक होगा।
मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा
राज्य सरकार मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के अंतर्गत निजी बसों को अनुबंधित कर अपने नियंत्रण में चिह्नित मार्गों पर संचालित करने जा रही है। एक माह के भीतर यह सेवा प्रारंभ करने की तैयारी है।
किराया अच्छा होने की स्थिति में ही निजी बस संचालक अनुबंध के लिए आगे आएंगे। इस सेवा में बस संचालक निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी नहीं बैठा पाएंगे और न ही किराये में किसी तरह की चोरी हो पाएगी।
राज्य परिवहन प्राधिकरण सीसीटीवी कैमरे और अन्य तरीकों से इसकी निगरानी करेगा। इस सेवा की शुरुआत सबसे पहले इंदौर से होनी है, जिसके लिए 40 मार्ग अधिसूचित किए जा चुके हैं।
भोपाल से इंदौर का किराया
भोपाल से इंदौर के बीच (180 किलोमीटर की दूरी के आधार पर) विभिन्न श्रेणियों का किराया इस प्रकार होगा: साधारण बस का 360 रुपये, बिना एसी डीलक्स बस का 425 रुपये और एसी डीलक्स बस का 540 रुपये।
स्लीपर बस का किराया 504 रुपये और रात्रिकालीन बस (रात नौ बजे से सुबह छह बजे तक चलने वाली) का किराया 396 रुपये होगा।

