BREAKING NEWS
2026-08-06

सतना के शासकीय विद्यालय में 11वीं के छात्रों को व्यावसायिक फिल्म ‘धुरंधर’ दिखाने पर प्राचार्य को नोटिस जारी

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, सतना।

सतना जिले के अमरपाटन विकासखंड स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कठहा में कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों को अध्ययन अवधि के दौरान कथित रूप से व्यावसायिक फिल्म ‘धुरंधर’ दिखाए जाने का मामला सामने आया है।

Advertisement

इंटरनेट मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल होने और मीडिया में खबर प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है।

कलेक्टर विदिशा मुखर्जी के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी सलोनी शर्मा ने विद्यालय के प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। प्रशासन ने इस पूरे घटनाक्रम की जांच के निर्देश भी दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, विद्यालय परिसर में कक्षा के दौरान विद्यार्थियों को फिल्म प्रदर्शित किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। उसके बाद प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए शिक्षा विभाग को जांच सौंप दी।

अधिकारियों ने बताया कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

जिला शिक्षा अधिकारी सलोनी शर्मा ने यह भी बताया कि विद्यालय में शैक्षणिक समय के दौरान इस प्रकार की फिल्म का प्रदर्शन नियमों के अनुरूप नहीं है। नोटिस के माध्यम से प्राचार्य से पूछा गया है कि किन परिस्थितियों में विद्यार्थियों को फिल्म दिखाई गई और इसकी अनुमति किस स्तर से प्राप्त की गई थी।