बुलंद सोच,।

एक्ट्रेस श्वेता तिवारी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके से सवाल पूछा। उन्होंने शनिवार को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में अभिजीत दीपके का एक वीडियो साझा किया, जिसमें दीपके कहते सुनाई देते हैं कि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद अगर सरकार के खिलाफ नहीं झुकेंगे, तो अच्छे-अच्छों का इस्तीफा ले सकते हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए श्वेता तिवारी ने पूछा, “अब पंजाब के शिक्षा मंत्री कब इस्तीफा दे रहे हैं? और ‘कॉकरोच जनता पार्टी’, तुम वहां कब विरोध-प्रदर्शन कर रहे हो?”
पंजाब में हाल ही में हुई फार्मेसी भर्ती परीक्षा में कथित धांधली/नकल और पिछले कुछ सालों में हुए कई पेपर लीक मामलों को लेकर शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के इस्तीफे की मांग उठ रही है। इस पर हरजोत सिंह बैंस ने विपक्ष की मांग का जवाब देते हुए कहा कि यदि उनके पद छोड़ने से राज्य की शिक्षा व्यवस्था बेहतर होती है, तो वह तत्काल इस्तीफा देने को तैयार हैं।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को अपने पद से इस्तीफा दिया। उनके इस्तीफे के बाद अभिजीत दीपके ने CJI सूर्यकांत का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि अगर उन्हें ‘कॉकरोच’ न कहा गया होता, तो युवा सड़कों पर नहीं होते और प्रधान ने इस्तीफा नहीं दिया होता।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर एक्टर रणवीर शौरी ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने X पर एक GIF साझा करते हुए लिखा कि “मोदी सरकार अपने किसी भी दुश्मन को तो नहीं हरा पाई, लेकिन अपने कई समर्थकों को जरूर नाराज कर दिया।” एक X यूजर के सवाल पर शौरी ने कहा कि प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए था, लेकिन यह फैसला सड़कों पर हालात बिगड़ने से पहले लेना चाहिए था। उन्होंने यह भी कहा कि अब ऐसा लगता है कि समर्थकों की बजाय विरोध-प्रदर्शन कर रहे लोगों की बात सुनी गई है।

एक्ट्रेस तारा देशपांडे ने जोहो के संस्थापक श्रीधर वेम्बू की एक X पोस्ट को री-पोस्ट करते हुए अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि धर्मेंद्र प्रधान ने अपने लंबे कार्यकाल में कई विभागों की जिम्मेदारी संभाली और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना को लागू करने में अहम भूमिका निभाई, जिससे कम आय वाले परिवारों तक एलपीजी कनेक्शन पहुंचे। तारा देशपांडे ने यह भी लिखा कि प्रधान ने एलपीजी सब्सिडी के लिए पहल डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर और हाइड्रोकार्बन एक्सप्लोरेशन एंड लाइसेंसिंग पॉलिसी (HELP) जैसे सुधारों की देखरेख की। उन्होंने आगे कहा कि महामारी के दौरान स्टील उद्योग को संभालने और शिक्षा क्षेत्र में नीट पेपर लीक मामले को छोड़कर किए गए कार्यों को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए। उनके अनुसार, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के फैसले का सम्मान किया जाना चाहिए।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद आलिया भट्ट, प्रियंका चोपड़ा, शबाना आजमी, प्रकाश राज, स्वरा भास्कर और भूमि पेडनेकर समेत कई सेलेब्स ने प्रतिक्रिया दी।


