BREAKING NEWS
2026-07-27

एमबीबीएस इंटर्न्स का स्टाइपेंड वृद्धि को लेकर प्रदर्शन, 23 जुलाई से हड़ताल जारी

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

मध्य प्रदेश के शासकीय और निजी चिकित्सा महाविद्यालयों के एमबीबीएस इंटर्न्स एवं भावी इंटर्न्स ने शनिवार को भोपाल में स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर शांतिपूर्ण जागरूकता बाइक रैली निकाली। इस रैली में 1200 छात्रों ने हिस्सा लिया। रैली हमीदिया अस्पताल से शुरू होकर भदभदा चौराहा तक गई और पुनः हमीदिया अस्पताल पहुंचकर समाप्त हुई।

Advertisement

रैली का उद्देश्य प्रदेश में वर्तमान में दिए जा रहे 14,337 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड को बढ़ाकर 30,000 रुपये प्रतिमाह किए जाने की मांग को सरकार और आमजन तक पहुंचाना था। इंटर्न्स का कहना है कि मध्य प्रदेश में देश के कई राज्यों की तुलना में सबसे कम स्टाइपेंड दिया जा रहा है, जबकि कार्य की जिम्मेदारियां समान हैं।

आंदोलनकारी इंटर्न्स ने बताया कि मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, वित्त मंत्री, चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य राज्य मंत्री, अपर मुख्य सचिव (चिकित्सा शिक्षा), अपर मुख्य सचिव (वित्त), आयुक्त चिकित्सा शिक्षा और संचालक चिकित्सा शिक्षा सहित सभी संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं। हालांकि, अब तक कोई ठोस निर्णय या लिखित आश्वासन नहीं मिला है।

इंटर्न्स ने जानकारी दी कि 23 जुलाई से कार्य स्थगित आंदोलन जारी है। इस आंदोलन के तहत ओपीडी, वार्ड और प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की नियमित सेवाओं का बहिष्कार किया जा रहा है। हालांकि, गंभीर मरीजों की सुविधा को देखते हुए आपातकालीन सेवाएं पूर्ववत संचालित की जा रही हैं।

आंदोलनकारी इंटर्न्स ने सरकार से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।