बुलंद सोच, देवास।

देवास में 15 वर्षीय बालिका के गर्भवती होने और बच्चे को जन्म देने का मामला सामने आया है।
सोमवार सुबह पेट में तेज दर्द की शिकायत के बाद स्वजन 15 वर्षीय बेटी को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
जांच के बाद डॉक्टरों ने स्वजन को बताया कि नाबालिग गर्भवती है। इसके कुछ समय बाद ही उसने एक बच्चे को जन्म दिया।
घटना की जानकारी सामने आने के बाद परिवार सदमे में है। स्वजन के अनुसार, बेटी सामान्य रूप से उनके साथ रहती थी और उसकी पढ़ाई भी जारी थी। हाल ही में उसने 9वीं कक्षा पास की थी और 10वीं में प्रवेश की तैयारी कर रही थी।
पिता ने बताया कि बेटी के गर्भवती होने की जानकारी अस्पताल पहुंचने के बाद ही मिली, जिससे पूरा परिवार स्तब्ध रह गया। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पिता का यह भी कहना है कि उन्हें अब तक यह समझ नहीं आ रहा कि उनकी बेटी के साथ यह सब कब और कैसे हुआ।
नाबालिग के साथ हुई कथित घटना को लेकर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर उसके बयान दर्ज किए हैं। मामले की जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और नाबालिग के बयान दर्ज किए। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
फिलहाल आरोपी के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली है। डॉक्टरों के अनुसार, जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।

