BREAKING NEWS
2026-08-14

ग्वालियर मध्य प्रदेश का सबसे गर्म शहर, पारा 35 डिग्री सेल्सियस के पार

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, ग्वालियर।

सोमवार को लगातार दूसरे दिन शहर में आंशिक रूप से बादलों की मौजूदगी बनी रही। अधिकतर समय धूप खिली रही और हवा में मौजूद नमी के कारण लोगों को भीषण उमस ने परेशान किया। पारा एक बार फिर बढ़कर 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिसके चलते लोगों को गर्मी ने परेशान किया। प्रदेश के अन्य शहरों के मुकाबले ग्वालियर में दिन सबसे ज्यादा गर्म रहा।

Advertisement

वहीं दूसरे नंबर पर खजुराहो रहा, जहां पारा 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, सोमवार को अधिकतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़त के साथ 35.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.0 डिग्री सेल्सियस अधिक है। इसी प्रकार, न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री सेल्सियस की आंशिक वृद्धि के साथ 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.0 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आसमान में बादलों की आंशिक मौजूदगी के कारण खिली तेज धूप ने पारे में और बढ़ोतरी कर दी।

शहर में पिछले दो दिन से मानसून ब्रेक की स्थिति बनी हुई है। इसके चलते तापमान में उछाल दर्ज किया जा रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में मानसून ट्रफ दतिया के ऊपर बनी हुई है। उत्तरी मध्यप्रदेश के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र उसी स्थान पर स्थिर है। मानसून ट्रफ बीकानेर, दतिया, उत्तर मध्य प्रदेश के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र से होकर डाल्टनगंज, दीघा से बंगाल की खाड़ी तक जा रही है।

इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से आगामी 24 घंटों के दौरान गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा की संभावना बनी हुई है। ऐसे में अगले 24 घंटों के दौरान गरज-चमक के साथ वर्षा का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

हालांकि, मंगलवार सुबह से बादलों का डेरा रहा लेकिन वर्षा नहीं हुई। जैसे-जैसे दिन चढ़ा, लोग उमस से परेशान दिखे।