BREAKING NEWS
2026-07-25

शिप्रा ब्रिज के पास सड़क हादसे में नर्सिंग छात्रा की मौत, भाई घायल

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, देवास।

देवास जिले के पीपलरावां से इंदौर जा रहे भाई-बहन बुधवार सुबह सड़क हादसे का शिकार हो गए। शिप्रा ब्रिज के पास पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

Advertisement

इस हादसे में 19 वर्षीय सुमन शिंदे की मौत हो गई, जबकि उनका बड़ा भाई 24 वर्षीय देवराज शिंदे घायल हो गया। घायल देवराज का जिला चिकित्सालय में उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, देवराज शिंदे अपनी बहन सुमन के साथ बुधवार सुबह करीब 8 बजे पीपलरावां से बाइक पर इंदौर के लिए निकला था। जैसे ही दोनों शिप्रा ब्रिज के पास पहुंचे, पीछे से आए वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिर गए। इसी दौरान, ट्रक का पहिया छात्रा सुमन के सिर पर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

देवराज ने हेलमेट पहना हुआ था, जिसके चलते उसकी जान बच गई।

राहगीरों की सूचना पर दोनों को जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां डॉक्टरों ने सुमन को मृत घोषित कर दिया। देवराज ने बताया कि सुमन नर्सिंग की तैयारी कर रही थी और पढ़ाई के सिलसिले में भाई के साथ इंदौर जा रही थी।

घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।