BREAKING NEWS

डिंडौरी में कार की टक्कर से वृद्धा की मौत, विधायक नेम प्लेट लगी थी गाड़ी पर; चालक नंबर प्लेट हटाकर फरार

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, डिंडौरी।

जबलपुर-अमरकंटक मार्ग पर ग्राम घानाघाट के पास बुधवार देर शाम एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से 62 वर्षीय मीरा बाई राठौर की मौत हो गई। दुर्घटना के समय वाहन पर विधायक की नेम प्लेट लगी हुई थी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

Advertisement

मृतका की पहचान और दुर्घटना का विवरण

पुलिस के अनुसार, मृतका मीरा बाई पत्नी झल्लू सिंह राठौर, निवासी धनुवासागर, अपनी बेटी और दामाद के घर घानाघाट आई थीं। शाम करीब सात बजे वह ऑटो से उतरकर सड़क पार कर रही थीं, तभी तेज गति से आ रही कार ने उन्हें टक्कर मार दी।

नंबर प्लेट हटाने का आरोप

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग निकला। आरोप है कि समनापुर तिराहे के पास इंजन खराब होने से कार बंद हो गई। इसके बाद चालक ने वाहन के आगे और पीछे लगी नंबर प्लेट तथा वाहन पर लगी ‘विधायक’ लिखी नेम प्लेट निकालकर फेंक दी और वहां से फरार हो गया।

पुलिस जांच और वाहन की पहचान

कोतवाली प्रभारी दुर्गा प्रसाद नकपुरे ने बताया कि मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की। एसडीओपी सतीश द्विवेदी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त वाहन नरसिंहपुर पासिंग का है। इसका पंजीकरण प्रदीप पटेल पिता विश्वनाथ पटेल, निवासी परसवाह के नाम पर दर्ज है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर कोतवाली परिसर में खड़ा कर दिया है। मामले की जांच जारी है और चालक की तलाश की जा रही है।