बुलंद सोच, ग्वालियर।
ग्वालियर शहर में पिछले छह घंटे के भीतर गोलीबारी की तीन घटनाएं सामने आई हैं। ये वारदातें शहर के दो अलग-अलग इलाकों में हुईं, जिनमें से दो मुरार क्षेत्र में शराब की दुकानों के बाहर और तीसरी कंपू क्षेत्र के थीम रोड पर घटित हुई। इन घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं, जिससे शहर की पुलिस गश्त पर सवाल खड़े हो गए हैं।
पहली घटना: बड़ागांव (मुरार)
मुरार थाना क्षेत्र के बड़ागांव में दोपहर 3:00 बजे एक शराब दुकान पर तीन बाइक सवार बदमाश पहुंचे। बदमाशों ने सेल्समैन से मुफ्त शराब मांगी, लेकिन इनकार करने पर वे धमकी देकर चले गए। कुछ देर बाद वे दोबारा लौटे और बाइक पर बैठे-बैठे ही कट्टे से दुकान पर गोली चला दी। इस गोलीबारी से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। इस मामले में मुख्य आरोपी की पहचान सैफ अली खान के रूप में हुई है, जिसकी तलाश पुलिस अपने साथियों के साथ कर रही है।
दूसरी घटना: हॉकर्स जोन (मुरार)
रात 9:00 बजे मुरार स्थित हॉकर्स जोन के पास एक भरी बाजार में स्थित शराब दुकान के बाहर चार गुंडे आ धमके। इनमें से दो बदमाशों ने अपने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था और उनके हाथों में कट्टे थे। बदमाशों ने भरे बाजार में बेखौफ होकर तीन से चार राउंड फायरिंग की। गोलीबारी से बाजार में भगदड़ मच गई और दहशत में आकर दुकानदारों ने अपनी दुकानों के शटर गिरा दिए। इस घटना के बाद जब मुरार थाना प्रभारी मैना पटेल से संपर्क किया गया, तो उन्होंने घटना की जानकारी होने से इनकार कर दिया।
तीसरी घटना: थीम रोड (कंपू)
रात 9:30 बजे कटोराताल के सामने थीम रोड पर रंजिश और रुपयों के लेनदेन को लेकर दो गुटों के बीच खूनी झड़प हो गई। सीएसपी रोबिन जैन के अनुसार, यह विवाद क्रिकेट सट्टे के पैसों के लेन-देन से जुड़ा था। एक गुट में पुलकित शर्मा और रामचंद्र गुर्जर शामिल थे, जबकि दूसरे गुट में हरवीर रावत, साकेत पाठक और हिस्ट्रीशीटर अपराधी देव परमार मौजूद थे। मारपीट के बाद पुलकित ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच जोरदार पत्थरबाजी हुई और तीन से चार राउंड गोलियां भी चलीं। इस दौरान एक कार में जमकर तोड़फोड़ की गई। पुलिस के अनुसार, हिस्ट्रीशीटर देव परमार द्वारा गोली चलाने की पुष्टि हुई है।
एसएसपी का बयान
ग्वालियर के एसएसपी धर्मवीर सिंह ने इन घटनाओं पर बयान देते हुए कहा कि शहर में हुई गोलीबारी की सभी वारदातों के आरोपियों की पहचान की जा रही है। बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस टीमों के साथ-साथ क्राइम ब्रांच को भी तलाश में लगाया गया है। एसएसपी ने आश्वासन दिया कि जल्द ही सभी आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।

