BREAKING NEWS
2026-07-31

EPFO ने निष्क्रिय PF खातों से सक्रिय UAN में पैसा ट्रांसफर करने की नई आधार-आधारित सुविधा शुरू की

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, ग्वालियर।

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अंचल में नौकरी बदलने वाले हजारों कर्मचारियों और नौकरीपेशा युवाओं के लिए एक बड़ी राहत भरी सौगात दी है। अक्सर यह देखा जाता है कि ग्वालियर सहित आसपास के क्षेत्रों में नौकरी बदलने के बाद कर्मचारी अपने पुराने पीएफ खाते का पैसा नए खाते में स्थानांतरित नहीं करा पाते हैं। कई बार अलग-अलग यूएएन बनने, रिकॉर्ड में गड़बड़ी या पुराने खाते की पूरी जानकारी न होने के कारण उनकी गाढ़ी कमाई का पैसा निष्क्रिय खातों में फंसा रह जाता है। अब EPFO के सदस्यों की इस बड़ी समस्या को दूर करने के लिए आधार-आधारित नई सुविधा शुरू की गई है, जिससे पुराने निष्क्रिय पीएफ खाते का पैसा मौजूदा सक्रिय यूएएन में ट्रांसफर करना बेहद आसान हो जाएगा।

Advertisement

इस नई व्यवस्था के तहत, यदि किसी कर्मचारी का पुराना पीएफ खाता निष्क्रिय हो गया है और उसका आधार सत्यापित है, तो उस खाते को मौजूदा सक्रिय यूएएन से जोड़ने और शेष राशि (बैलेंस) ट्रांसफर करने की प्रक्रिया पहले की तुलना में काफी सरल हो जाएगी। इसका मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति बचत को एक ही स्थान पर सुरक्षित लाना और मल्टीपल यूएएन की समस्या को समाप्त करना है।

पुराने पीएफ खातों को नए सक्रिय यूएएन से जोड़ने या उनके निपटान (सेटलमेंट) के लिए एक नया डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार किया गया है। इस पोर्टल पर कर्मचारी अपने आधार के ज़रिए सत्यापन (वेरिफिकेशन) की प्रक्रिया पूरी करेंगे। सत्यापन होते ही उन्हें अपने सालों पुराने पीएफ अकाउंट का एक्सेस मिल जाएगा। पुराने खाते की जानकारी मिलते ही सदस्य उस पैसे को आसानी से अपने वर्तमान एक्टिव यूएएन में ट्रांसफर कर सकेंगे या फिर उसे निकालने के लिए दावा (क्लेम) कर सकेंगे।

इस डिजिटल सुविधा के शुरू होने से ग्वालियर-चंबल अंचल के कर्मचारियों को अब न तो पीएफ दफ्तर जाने की जरूरत पड़ेगी और न ही अपनी पुरानी कंपनियों के चक्कर लगाने होंगे। यह काम घर बैठे ऑनलाइन हो जाएगा।