BREAKING NEWS
2026-08-03

गुना में फर्जी नंबर प्लेट लगाकर गोवंश तस्करी, चांचौड़ा पुलिस ने 4 आरोपी दबोचे

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, गुना।

गुना जिले के चांचौड़ा थाना पुलिस ने बीते दिन गोवंश की अवैध तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई की। इस कार्रवाई में एक कंटेनर से 31 गोवंशीय पशु बरामद किए गए।

Advertisement

बरामद पशुओं में दो मृत अवस्था में पाए गए, जबकि 29 को सुरक्षित मुक्त कर गोसेवा धाम गोशाला चांचौड़ा भेजा गया। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर परिवहन में प्रयुक्त कंटेनर जब्त किया गया है।

पुलिस ने बताया कि गोवंशीय पशुओं को क्रूरतापूर्वक भरकर कंटेनर पैंची बायपास की तरफ से बीनागंज कस्बे में आ रहा था। घेराबंदी कर संदिग्ध कंटेनर को रोका गया और उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कंटेनर के भीतर अत्यंत अमानवीय परिस्थितियों में 31 गोवंशीय पशु ठूंस-ठूंसकर भरे हुए मिले।

कंटेनर में सवार चार व्यक्तियों को हिरासत में लेकर नाम-पता पूछने पर उन्होंने अपने नाम इकबाल पुत्र यासीन अली (उम्र 30 वर्ष), सद्दाम हुसैन पुत्र बाबू खां (उम्र 33 वर्ष), साजिद पुत्र आमीन खां (उम्र 25 वर्ष) एवं रसीद मोहम्मद पुत्र कमरूद्दीन (उम्र 40 वर्ष) निवासीगण डिग्गी इस्लामपुर, जिला टोंक, राजस्थान बताए।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि कंटेनर पर लगी नंबर प्लेट संदिग्ध थी। चेसिस नंबर के सत्यापन में वाहन का वास्तविक पंजीयन क्रमांक अलग पाया गया। इससे स्पष्ट हुआ कि वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उसकी वास्तविक पहचान छिपाने का प्रयास किया गया था।

उक्त मामले में चारों आरोपियों के विरुद्ध चांचौड़ा थाना में मध्यप्रदेश पशु क्रूरता अधिनियम की धारा चार, छह एवं नौ, तथा मध्यप्रदेश गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत कार्यवाही की गई।