बुलंद सोच, झाबुआ।
शनिवार देर रात पेटलावद की अटल बस्ती में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। राजगढ़ क्षेत्र से आए कुछ लोगों ने एक घर में घुसकर महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस दौरान बीच-बचाव और विरोध करने पर महिला के साथी एक व्यक्ति को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया।
घायल महिला भूली बाई पति भारत परमार ने बताया कि शनिवार देर रात करीब 5 लोगों ने उनके घर में जबरन प्रवेश करने की कोशिश की। आगे का दरवाजा नहीं खोलने पर आरोपित पीछे के रास्ते से घर के अंदर आ गए और अचानक हमला कर दिया। आरोपितों ने घर में रखी लकड़ी और मोगरी से महिला और बीच-बचाव कर रहे हरिराम पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
महिला ने पुलिस को बताया कि मुख्य आरोपित भाजपा नेता देवा पुत्र थावरिया सिंगाड़ के साथ वह करीब 14 साल से संपर्क में थी। हालांकि, पिछले करीब एक साल से महिला ने आरोपित देवा से पूरी तरह दूरी बना ली थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पिछले कई महीनों से लगातार विवाद चल रहा था, जो शनिवार रात को हिंसक रूप ले लिया। महिला का देवा से दूर होना और हरिराम का उसका सहयोगी बनना आरोपित को रास नहीं आया।
मृतक हरिराम और भूली बाई 31 जुलाई को उज्जैन दर्शन के लिए गए थे और 1 अगस्त की शाम को ही वापस लौटे थे।
मृतक हरिराम के पुत्र ने बताया कि शनिवार रात आरोपित उनके धुलेट स्थित घर पर आए और गाली-गलौज करने के बाद चले गए। इसके बाद रविवार सुबह करीब 5 बजे पेटलावद अस्पताल से फोन आया कि उनके पिता की हालत गंभीर है, जिसके बाद वे वापस पेटलावद पहुंचे।
आरोपितों की दबंगई का आलम यह था कि सुबह होते ही आरोपित दोबारा हरिराम के घर पहुंचे और परिजनों को धमकाया। घायल महिला भूली बाई के बयानों के आधार पर थाना प्रभारी निर्भय सिंह भूरिया ने बताया कि बीएनएस की धारा 103(1), 115(2), 351(2) एवं 3(5) के तहत मुख्य आरोपित देवा पुत्र थावरिया सिंगाड़ और अन्य साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
