BREAKING NEWS
2026-08-01

गुना में हाईवे पर युवती से सामूहिक दुष्कर्म, मित्र को बंधक बनाया

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, गुना।

मध्य प्रदेश के गुना जिले में नेशनल हाईवे-46 पर हिलगना के समीप बोरखेड़ा के जंगल में शुक्रवार रात को एक 26 वर्षीय युवती से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इस दौरान युवती के पुरुष मित्र को बंधक बनाकर रखा गया।
युवती अपने मित्र के साथ हनुमान टेकरी मंदिर में दर्शन कर बाइक से लौट रही थी, तभी यह वारदात हुई।
लौटते समय रात करीब आठ बजे रिलायंस पेट्रोल पंप ग्रीन माउंटेन के पास एक बाइक पर सवार तीन युवकों ने उनकी बाइक रोककर कहा कि पहिया पंक्चर हो गया है। जैसे ही दोनों रुके, आरोपितों ने बाइक की चाबी निकाल ली और जबरन बाल पकड़कर उन्हें एबी रोड के दूसरी ओर जंगल में ले गए।
आरोप है कि जंगल में ले जाकर तीन बदमाशों ने युवती से दुष्कर्म किया, जबकि उनके तीन साथी युवती के मित्र युवक को बंधक बनाए रहे। इस प्रकार कुल छह आरोपी घटना में शामिल थे।
मूल रूप से कोलकाता निवासी युवती इन दिनों झारखंड निवासी अपने मित्र के पास गुना जिले के राघोगढ़ के पास विजयपुर आई हुई थी।
युवती का मित्र उर्वरक संयंत्र एनएफएल (नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड) में इंजीनियर है।

पुलिस की कार्रवाई

शोर सुनकर कुछ ही दूरी पर तैनात पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन सभी आरोपित जंगल के रास्ते फरार हो गए।
पुलिस घटना को प्रारंभिक तौर पर दुष्कर्म के प्रयास का मामला बता रही थी, जबकि एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 70(1) के तहत सामूहिक दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज किया गया है।
इसकी पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने बताया कि हाईवे पर युवक-युवती के साथ लूट और दुष्कर्म की घटना की एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी सहित पुलिस की छह टीमें गठित की गई हैं और सभी आरोपितों की तलाश जारी है।

Advertisement