बुलंद सोच, गुना।
पुलिस ने गुना जिला मुख्यालय से सटे बोरखेड़ा के जंगल में कोलकाता की एक युवती के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह युवती मूल रूप से झारखंड की निवासी है और नेशनल फर्टिलाइजर्स (एनएफएल) में कार्यरत अपने एक अभियंता मित्र से मिलने आई हुई थी।
गुरुवार रात युवती और उसका मित्र टेकरी सरकार के दर्शन कर वापस एनएफएल लौट रहे थे, तभी नेशनल हाईवे-46 पर रिलायंस पेट्रोल पंप ग्रीन माउंटेन के पहले एक बाइक पर सवार तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उनकी बाइक पंचर होने का बहाना बनाकर उन्हें रोका। बदमाशों ने बाइक की चाबी निकाल ली और बलपूर्वक युवती तथा उसके मित्र को घने अंधेरे जंगल में खींच ले गए।
जंगल में उन लोगों ने फोन करके अपने तीन अन्य साथियों को भी बुला लिया। इसके बाद सभी ने युवती और उसके मित्र को डंडों और थप्पड़ों से पीटा, फिर जान से मारने की धमकी देकर उनके मोबाइल फोन तथा बाइक छीन ली। तीन आरोपी युवती के मित्र को जंगल में दूसरी तरफ ले गए।
इसके बाद तीन बदमाशों ने जबरदस्ती युवती के कपड़े फाड़ दिए और बारी-बारी से अपने कपड़े उतारकर जबरदस्ती दुष्कर्म करने का प्रयास किया। युवती के विरोध करने पर उसे थप्पड़ों से पीटा गया और उसके ही कपड़ों से उसके हाथ बांध दिए गए। जब युवती चिल्लाई, तो एक व्यक्ति ने उसके गुप्तांग में लकड़ी घुसाने की कोशिश की, जिससे उसके गुप्तांग से खून निकलने लगा।
युवती ने संघर्ष करते हुए खुद को बचाया और बचाव में बदमाशों को नोंचा तथा काटा। जंगल में कुछ ही दूरी पर उसके साथी युवक के चिल्लाने की आवाज भी आ रही थी। युवती का शोरगुल सुनकर पास ही तैनात पुलिस मौके पर जा पहुंची, जिन्हें देखकर सभी बदमाश युवती को पूर्ण नग्न अवस्था में छोड़कर जंगल के रास्ते भाग गए।
पुलिस ने इस मामले में स्थानीय गांव बोरखेड़ा के बबलू बंजारा, महेंद्र बंजारा, दिनेश बंजारा, खजरा के छोटू बंजारा और विन्याकी के सरदार बंजारा को गिरफ्तार किया है। इनके पास से लूटा गया मोबाइल, पर्स और अन्य सामान बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, इस घटना में कुल सात बदमाश शामिल थे। दो अन्य आरोपियों की पहचान हो गई है और उनकी धरपकड़ की कोशिशें जारी हैं।

