बुलंद सोच, ग्वालियर।

ग्वालियर के गिरवाई थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक 22 वर्षीय फोटोग्राफर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान सिकंदर कंपू स्थित गड्ढा वाला मोहल्ला निवासी मोंटी मोरे के रूप में हुई है।
घटना का खुलासा तब हुआ जब मोंटी की बहन पल्लवी कमरे में पहुंची और उसे फंदे पर लटका देखा। बहन की चीख सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। जांच के दौरान कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि 10वीं पास और पेशे से फोटोग्राफर मोंटी का अपनी रिश्ते की भाभी से प्रेम संबंध था, जो उससे उम्र में काफी बड़ी थीं।

इस रिश्ते का भाभी के मायके और ससुराल पक्ष के लोग विरोध कर रहे थे। विरोध बढ़ने पर महिला ने भी युवक से दूरी बनानी शुरू कर दी, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा।
बताया जा रहा है कि इसी से आहत होकर युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस सुसाइड नोट के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।
सुसाइड नोट में लिखी बातें
मौके से मिले सुसाइड नोट की शुरुआत ‘Sorry’ लिखकर की गई है। इसमें युवक ने अपने परिवार से माफी मांगते हुए लिखा, ‘मम्मी, दीदी मैं आप सबको छोड़कर जा रहा हूं। मुझे माफ कर देना। इसकी वजह सिर्फ पूजा है। मैं उससे बहुत प्यार करता हूं और उसके बिना नहीं रह सकता। वह मुझे नहीं मिली, इसलिए मैं अपनी जिंदगी खत्म कर रहा हूं।’
सुसाइड नोट में युवक ने अपनी प्रेमिका के नाम कई भावुक संदेश भी लिखे हैं। उसने लिखा, ‘पूजा को बता देना कि मैं उससे बहुत प्यार करता था और हमेशा करता रहूंगा। मैं उसी के प्यार में मर रहा हूं। उसे बता देना कि अब मैं इस दुनिया में नहीं हूं। लेकिन मेरे कारण पूजा से कोई कुछ मत कहना।’
युवक ने सुसाइड नोट में अपनी प्रेमिका का मोबाइल नंबर भी लिखा है, साथ ही ‘पूजा मेरी जान’ और ‘I Love You Pooja’ जैसे शब्द भी लिखे हैं।
नोट के आखिर में उसने अपना दर्द और परिवार की बातों का जिक्र करते हुए लिखा, ‘तुम सबको मैं इतना बुरा लगता था, इसलिए जा रहा हूं। मम्मी, तुम कहती थीं न कि मर जा, तो लो मैं मर रहा हूं।’
इसके बाद उसने लिखा, ‘पूजा, तुमने मुझे नहीं समझा। मेरी मौत की जिम्मेदार तुम हो। मरने के बाद मुझे इंसाफ चाहिए। बाकी सब लोग मुझे माफ कर देना।’
पुलिस की कार्रवाई
गिरवाई थाना पुलिस का कहना है कि युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। मौके से बरामद सुसाइड नोट में उसने प्रेम संबंध टूटने को आत्महत्या की वजह बताया है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। सुसाइड नोट में जिस महिला का जिक्र किया गया है, उससे भी पूछताछ की जाएगी।

