बुलंद सोच, धार।
ऐतिहासिक भोजशाला परिसर से जुड़े मामले में देर रात प्रशासन और मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों के बीच चर्चा हुई। चर्चा के बाद मुस्लिम पक्ष ने भोजशाला के पीछे निर्धारित स्थान पर नमाज अदा करने की सहमति जताई।
हालांकि, अंतिम निर्णय से पहले मुस्लिम समाज सुबह 11 बजे प्रशासन से स्थल की स्थिति से अवगत होना चाहता है। कमाल मौलाना वेलफेयर सोसायटी के सदर अब्दुल समद ने बताया कि प्रशासन सुबह 11 बजे उस स्थान की स्थिति दिखाएगा, जहां नमाज की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि लगातार वर्षा के कारण जमीन गीली है। ऐसे में स्थल की वास्तविक स्थिति देखने और प्रशासन की व्यवस्थाओं की जानकारी मिलने के बाद ही मुस्लिम पक्ष अपनी अंतिम स्थिति स्पष्ट करेगा।
अब्दुल समद ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का आदेश उनके पक्ष में आया है और वे इसे अपनी जीत मानते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि अब 5 अगस्त को प्रस्तावित सुनवाई की तैयारी की जा रही है। मुस्लिम पक्ष को न्यायालय से सकारात्मक निर्णय की उम्मीद है।
इधर, जिस स्थान पर नमाज की तैयारी की जा रही है, उसे लेकर देर रात स्थानीय रहवासियों ने आपत्ति जताई। उनका कहना है कि संबंधित भूमि उनकी निजी कृषि भूमि है और वहां नमाज की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
इन घटनाक्रमों के बीच अब सभी की नजर सुबह 11 बजे पर टिकी है, जब प्रशासन मुस्लिम पक्ष को स्थल की स्थिति से अवगत कराएगा। इसके बाद दोपहर 1 से 3 बजे के बीच नमाज अदा हो पाएगी या नहीं, इस पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
उधर, पुलिस और प्रशासन पूरे घटनाक्रम को लेकर सतर्क हैं। सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। दोनों पक्षों के आवागमन की अलग-अलग व्यवस्थाएं की जा रही हैं। साथ ही वर्षा के कारण गीली जमीन को नमाज के लिए उपयुक्त बनाने की तैयारियां भी प्रशासन द्वारा की जा रही हैं।

