बुलंद सोच, ग्वालियर।
ग्वालियर के जयाआरोग्य अस्पताल (जेएएच) के ट्रामा सेंटर के बाहर एक बेसहारा व्यक्ति की मृत्यु हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह व्यक्ति पिछले तीन दिनों से ट्रामा सेंटर के बाहर पड़ा था, लेकिन किसी ने भी उसकी सुध नहीं ली। लोग उसके वहां पड़े होने के वीडियो बनाते रहे, लेकिन उसे ट्रामा सेंटर में भर्ती नहीं कराया। ऐसे में, इलाज के अभाव में रविवार दोपहर उसकी मौत हो गई।
घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मचा और अस्पताल प्रशासन को मामले की जानकारी लगी। इसके बाद पुलिस और अस्पताल का स्टाफ मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक व्यक्ति दम तोड़ चुका था।
शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया गया है। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
जेएएच अधीक्षक डॉक्टर सुधीर सक्सेना ने बताया कि ट्रामा सेंटर के पार्किंग क्षेत्र में एक व्यक्ति के पड़े होने की सूचना मिलने पर स्टाफ मौके पर पहुंचा, लेकिन उसकी मृत्यु हो चुकी थी। पुलिस को सूचना देने के साथ शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया गया है।
अधीक्षक डॉ. सक्सेना ने यह भी बताया कि ट्रामा सेंटर प्रभारी से जानकारी तलब की गई है कि संबंधित व्यक्ति कब से अस्पताल परिसर के बाहर पड़ा था और उसे उपचार के लिए भर्ती क्यों नहीं किया गया।

