बुलंद सोच, शहडोल।
शहडोल जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र में रविवार को तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से भारी तबाही मची। इस दौरान तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य झुलस गए। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
झींक गांव में खेत में हादसा
झींक बिजुरी चौकी अंतर्गत ग्राम झींक में खेत में धान की रोपाई के दौरान आकाशीय बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आने से 28 वर्षीय किशन, पत्नी राकेश, गंभीर रूप से झुलस गईं। ग्रामीणों द्वारा उन्हें झींक बिजुरी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां चिकित्सक मौजूद नहीं थे। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल शहडोल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इसी हादसे में दो अन्य लोग भी झुलस गए हैं, जिनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
दरशिला चौकी क्षेत्र के छुटकी टोला में मौत
वहीं, दरशिला चौकी क्षेत्र के छुटकी टोला में खेत में धान की रोपाई कर रहे 45 वर्षीय सुंदर पाव पर बिजली गिरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में दो अन्य ग्रामीण भी झुलसे हैं, जिनका उपचार जारी है।
रेकोवा गांव में दो लोग झुलसे
दरशिला चौकी क्षेत्र के ही रेकोवा गांव में खेत में काम कर रहे दो लोग भी आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर है।
मुसरा में बालक की मौके पर मौत
इसी तरह, जैतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मुसरा में 11 वर्षीय धर्मेंद्र सिंह पिता प्रेमलाल सिंह अपने घर के बाहर खड़ा था। तेज बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उसकी भाभी भी झुलस गईं, जिनका उपचार जारी है।
मौसम विभाग की किसानों से अपील
मौसम विभाग ने बारिश और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए किसानों से खुले खेतों और पेड़ों के नीचे न रुकने की अपील की है ताकि वे सुरक्षित रहें।
जबलपुर में चाकूबाजी की घटना
जबलपुर में बातचीत के बहाने बुलाकर भाइयों पर चाकू से वार किए गए, जिसमें एक की मौत हो गई।

