BREAKING NEWS
2026-07-31

ग्वालियर में मजिस्ट्रेटों ने यातायात नियमों के उल्लंघन पर की कार्रवाई

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, ग्वालियर।

ग्वालियर की सड़कों पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को सबक सिखाने के उद्देश्य से मजिस्ट्रेट स्वयं सड़क पर उतरे। शहर के गोविंदपुरी और केआरजी तिराहे पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
यह चेकिंग अभियान लगभग तीन घंटे तक चला, जिसमें किसी भी सिफारिश, रसूख या पद का कोई प्रभाव नहीं पड़ा। शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक आठ मजिस्ट्रेट, ट्रैफिक थाना प्रभारी और पुलिस बल मौके पर मौजूद रहे।
लंबे समय बाद ऐसी कार्रवाई हुई है, जिसमें इतनी अधिक संख्या में मजिस्ट्रेट स्वयं सड़क पर चेकिंग के लिए पहुंचे। तीन घंटे चली इस चेकिंग के दौरान 69 वाहन चालकों को मजिस्ट्रेट द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए पकड़ा गया, और इन सभी से जुर्माना वसूला गया।
इस अभियान में सीएमएचओ और जनपद सीईओ तक के चालान उनकी गाड़ियों पर बगैर पात्रता के हूटर लगाने के लिए काटे गए।

Advertisement

अधिकारियों की तैनाती

टीम-ए गोविंदपुरी रोड पर तैनात थी, जिसमें मजिस्ट्रेट अभय प्रताप सिंह, भूपेंद्र सिंह कुशवाह, मधुलिका खत्री और उपमन्यु शुक्ला शामिल थे। इस टीम के साथ ट्रैफिक थाना प्रभारी धनंजय शर्मा मौजूद थे।
टीम-बी केआरजी तिराहे पर तैनात थी, जिसमें मजिस्ट्रेट सक्षम नरूला, ऋषभ दीक्षित, ऐका सोनी और अनिरुद्ध उचाड़िया शामिल थे। इस टीम के साथ ट्रैफिक थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी मौजूद थे।

कार्रवाई का विवरण

गोविंदपुरी रोड पर मजिस्ट्रेट द्वारा 25 चालान किए गए, जिनसे 51 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अतिरिक्त, पुलिस ने 7 चालान अलग से किए।
केआरजी तिराहे पर मजिस्ट्रेट द्वारा 44 चालान किए गए, जिनसे 95 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। पुलिस द्वारा यहां 11 चालान किए गए।

सामने आए अनोखे मामले

चेकिंग के दौरान एक स्कॉर्पियो पकड़ी गई, जिस पर नंबर नहीं था। गाड़ी की चेकिंग में अंदर ‘विधायक’ लिखी नंबर प्लेट मिली। चालक ने स्वयं को विधायक का भतीजा बताया, जिसके बाद उस पर जुर्माना लगाया गया।
गोविंदपुरी चौराहे पर सबसे अधिक बिना नंबर की थार गाड़ियां पकड़ी गईं। इन थार चालकों की नंबर प्लेट गाड़ी के अंदर मिली। पूछने पर चालकों ने चालान के डर से नंबर प्लेट अंदर रखने की बात कही, जिसके बाद सभी के चालान काटे गए।
केआरजी तिराहे से गुजरी एक स्कॉर्पियो पर हूटर लगा था और आगे ‘सपा जिलाध्यक्ष’ लिखा था। जब उसका हूटर निकलवाकर चालान बनाया गया, तो चालक ने शादी में आने का दावा किया। हालांकि, वहां मौजूद मजिस्ट्रेट ने बताया कि अभी शादियां नहीं चल रही हैं, जिसके बाद चालक कोई जवाब नहीं दे सका और उसका चालान काटा गया।
गोविंदपुरी रोड पर सीएमएचओ डॉ. एमएस सागर और जनपद सीईओ की गाड़ी पकड़ी गई, जिस पर हूटर लगा था और नंबर की जगह पदनाम लिखा था। उन्होंने पहले परिचय देने का प्रयास किया, लेकिन मजिस्ट्रेट चेकिंग का पता चलने पर उन्होंने चुपचाप चालान कटवा लिया।
गोविंदपुरी चौराहे पर एक युवक बिना नंबर की फॉर्च्यूनर लेकर निकला। चेकिंग देखते ही उसने तेज रफ्तार में गाड़ी दौड़ाई और आगे जा रहे बाइक सवार को टक्कर मार दी। इसके बाद गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई। घेराबंदी कर युवक को पकड़ा गया, और मजिस्ट्रेट ने गाड़ी जब्त करने के निर्देश दिए।