बुलंद सोच, इंदौर।
कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इंदौर जिला प्रशासन जिले में दो पड़ाव स्थल विकसित कर रहा है। इन पड़ाव स्थलों में खंडवा रोड पर बाईग्राम और उज्जैन रोड पर सांवेर के ग्राम राजोदा शामिल हैं। यहां कांवड़ यात्रियों के लिए ठहरने, भोजन, चाय-नाश्ता, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी। यह पहल कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए की जा रही है।
कलेक्टर ने तैयारियों का लिया जायजा
कलेक्टर शिवम वर्मा ने बुधवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बाईग्राम स्थित प्रस्तावित पड़ाव स्थल का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए और श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को पर्याप्त पेयजल, स्वच्छ शौचालय, विश्राम स्थल, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, चिकित्सा सहायता और सुरक्षा के समुचित इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सभी तैयारियां समय सीमा में पूरी करने को कहा। इस दौरान एसडीएम महू राकेश परमार और तहसीलदार विवेक सोनी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था और यातायात प्रबंधन
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि इंदौर जिले से गुजरने वाले संपूर्ण कांवड़ यात्रा मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की जाए। इसके अतिरिक्त, जहां भी सड़कों की मरम्मत आवश्यक हो, वहां तत्काल कार्य कराया जाए। पुलिस विभाग को भी यात्रा मार्ग पर प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही सुरक्षित और निर्बाध बनी रहे।

