BREAKING NEWS
2026-08-06

ग्वालियर में 24 घंटे में 92.8 मिमी वर्षा दर्ज

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, ग्वालियर।

मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। रात से लेकर मंगलवार शाम तक लगातार बारिश हुई, जिससे सही मायने में सावन का अनुभव हुआ। ग्वालियर शहर में 24 घंटे में 92.8 मिमी यानी 3.65 इंच वर्षा दर्ज की गई। इसमें रात में 55.2 मिमी और दिन में 36.8 मिमी वर्षा हुई। प्रदेश में सर्वाधिक 75 मिमी वर्षा डबरा में दर्ज की गई।

तापमान पर प्रभाव

लगातार रिमझिम बारिश के कारण अंचल का दिन का तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। शाम साढ़े पांच बजे तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। रात का तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन और रात के तापमान में महज 3.6 डिग्री सेल्सियस का अंतर रह गया। मौसम पूरी तरह से ठंडा हो गया और लोगों को ठंडक महसूस हुई। बादल छाए रहने के कारण दिनभर सूर्यदेव के दर्शन नहीं हो सके।

Advertisement

मौसम का पूर्वानुमान

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आगामी चार दिनों तक अंचल में इसी तरह का मौसम और वर्षा होने की संभावना है। बुधवार को वर्षा थोड़ी कम हो सकती है, लेकिन गुरुवार को तेज और पूरे अंचल में बारिश होने की संभावना है। वर्तमान में देश में पांच चक्रवातीय सिस्टम बने हुए हैं और ट्रफ लाइन राजस्थान, हरियाणा से होते हुए मध्य उत्तरप्रदेश से गुजर रही है। इन सभी सिस्टमों के असर से अंचल में मध्यम वर्षा हो रही है। आगामी चार दिनों तक अंचल में रुक-रुककर या लगातार हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, लेकिन बीच-बीच में बारिश तेज और पूरे क्षेत्र में समान रूप से हो सकती है।

जलभराव और जनजीवन पर असर

रात से लगातार हो रही वर्षा से शहर की सड़कें और कई मोहल्ले पानी से लबालब हो गए। विवेक विहार, सचिन तेंदुलकर मार्ग, गोले का मंदिर, बाल भवन, सब्जी मंडी वार्ड-52, चौरसिया कालोनी, तरुण पुष्कर के सामने, छपपर वाला पुल, डीबी माल के सामने, किलागेट सराफा बाजार, वार्ड 21 मरघट रोड नाला, तारागंज कलारी के पास, पुरानी सब्जी मंडी हजीरा, ट्रांसपोर्ट नगर एक नम्बर पार्किंग, शालूपुरा, हजीरा चौराहा, लक्कड़खाना पुल, बाई साहब की परेड मार्ग, बजरंग कॉलोनी, शिवाजी नगर चुस्की वाली गली, चावड़ी बाजार, जनकगंज बख्शी की गोठ, जलालपुर, सिंधिया स्टेच्यू, अवाड़पुरा, इंदिरा नगर शकील वाली गली सहित अनेक स्थानों पर जल भराव हो गया। नगरनिगम की टीमें मौके पर पहुंचीं और जल निकासी का काम किया। रात से शुरू हुई बारिश दिन में भी जारी रहने के कारण बच्चे स्कूल नहीं जा सके, खासतौर से छोटे बच्चे। जिन स्कूलों में बच्चे पहुंचे भी, वहां उपस्थिति काफी कम रही। ऑफिसों में भी कर्मचारियों की उपस्थिति बारिश की वजह से प्रभावित हुई। ऑफिसों और अन्य जगहों पर काम करने वाले लोगों को पानी से बचने के लिए रेनकोट पहनने पड़े।

औसत वर्षा की स्थिति

अभी तक जिले में बारिश औसत से कम थी। सोमवार और मंगलवार को हुई वर्षा से यह औसत से तीन प्रतिशत अधिक हो चुकी है। जिले में अभी तक सामान्य वर्षा 338.2 मिमी होती है, लेकिन रात और दिन की बारिश के बाद जिले में कुल 349.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।