BREAKING NEWS
2026-07-23

हॉकी 5s एशियन चैंपियनशिप: भारत ने पाकिस्तान को 7-4 से हराया

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच।

पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर डेविड वॉर्नर ने अप्रैल में शराब पीकर गाड़ी चलाने के मामले में अदालत में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।
उन्हें 18 अगस्त को सजा सुनाई जाएगी, जिसमें 6 महीने का ड्राइविंग बैन, 2200 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर का जुर्माना और अधिकतम 9 महीने की जेल हो सकती है।
यह घटना अप्रैल में ईस्टर संडे के दिन सिडनी में पुलिस चेकिंग के दौरान हुई थी, जब वॉर्नर शराब के नशे में पाए गए थे।
वॉर्नर के दोषी पाए जाने के बाद बिग बैश लीग में सिडनी थंडर टीम की उनकी कप्तानी भी जा सकती है।

Advertisement

भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव पहली बार काउंटी क्रिकेट में खेलते नजर आएंगे।
31 वर्षीय कुलदीप ने यॉर्कशर के साथ करार किया है और वे 5 वनडे कप मैच तथा सितंबर में काउंटी चैंपियनशिप के 3 मुकाबलों के लिए उपलब्ध रहेंगे।
उन्हें शुक्रवार को ग्लैमर्गन के खिलाफ होने वाले 50-ओवर मैच के लिए यॉर्कशर की टीम में शामिल किया गया है।
कुलदीप ने इंग्लैंड में खेलने को रोमांचक बताया और कहा कि इस प्रतिष्ठित क्लब का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए सम्मान की बात है तथा उन्हें इंग्लैंड की परिस्थितियों में खेलने की चुनौती हमेशा पसंद रही है।

जिम्बाब्वे क्रिकेट बोर्ड ने भारत के खिलाफ 23 जुलाई से शुरू होने वाली तीन मैचों की टी-20 सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम घोषित की है।
कप्तान सिकंदर रजा की अगुआई वाली इस टीम में ऑलराउंडर वेस्ली मधेवेरे और तेज गेंदबाज न्यूमैन न्यामहुरी की वापसी हुई है।
विकेटकीपर-बल्लेबाज ताफदजवा त्सिगा को पहली बार टी-20 में जगह मिली है, जबकि बांग्लादेश सीरीज वाली टीम से क्लाइव मडांडे, टिनोटेंड मापोसा और ताशिंगा मुसेकिवा को बाहर किया गया है।
टेस्ट और वनडे में बांग्लादेश को हराने वाली जिम्बाब्वे की टीम टी-20 सीरीज हारने के बावजूद घरेलू मैदान पर भारत को चुनौती देने के इरादे से उतरेगी।
तीनों मुकाबले 23, 25 और 26 जुलाई को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले जाएंगे।
भारत के खिलाफ 15 सदस्यीय जिम्बाब्वे टीम में सिकंदर रजा (कप्तान), ब्रायन बेनेट, रयान बर्ल, बेन करन, ब्रैड इवांस, वेस्ली मधेवेरे, तदिवानाशे मारुमानी, डियोन मायर्स, मिल्टन शुम्बा, ताफदजवा त्सिगा, वेलिंग्टन मसाकाद्जा, ब्लेसिंग मुजारबानी, रिचर्ड नगरवा, न्यूमैन न्यामहुरी और तनाका चिवांगा शामिल हैं।

अफगानिस्तान के 31 वर्षीय बल्लेबाज हशमतुल्लाह शाहिदी ने वनडे टीम की कप्तानी छोड़ दी है।
उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी देते हुए निजी कारणों को अपने फैसले का आधार बताया।
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) ने अभी नए वनडे कप्तान का ऐलान नहीं किया है।
शाहिदी ने 2022 में अफगानिस्तान की वनडे टीम की कमान संभाली थी और उनकी कप्तानी में टीम ने 2023 वनडे वर्ल्ड कप और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी खेली।
2023 वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान ने इंग्लैंड, पाकिस्तान, श्रीलंका और नीदरलैंड्स को हराया था, लेकिन सेमीफाइनल में जगह नहीं बना सका था।
इस्तीफे का ऐलान करते हुए शाहिदी ने लिखा कि यह जिम्मेदारी निभाना उनके लिए सम्मान की बात रही और उन्होंने पूरी ईमानदारी तथा टीम के साथ मिलकर अपना काम किया।
उन्होंने खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और बोर्ड का भी धन्यवाद किया और बल्लेबाज के रूप में टीम के लिए खेलते रहने की पुष्टि की।

शतरंज

चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स-2026 चेस टूर्नामेंट के छठे राउंड में मंगलवार को एम प्रनेश ने वर्ल्ड चैंपियन डी गुकेश को 39 चालों में हराया।
टूर्नामेंट में यह गुकेश की लगातार दूसरी हार है, वहीं निहाल सरीन ने अर्जुन एरिगैसी को 60 चालों में मात दी।
इस हार के बाद अर्जुन दूसरे स्थान पर खिसक गए, जबकि फ्रांस के अलीरेज़ा फिरोजा 4 अंकों के साथ अकेले टॉप पर पहुंच गए।
नोदिरबेक अब्दुसातोरोव भी 3.5 अंकों के साथ अर्जुन के साथ संयुक्त दूसरे स्थान पर हैं।
गुकेश पूरे मुकाबले में कई बार गलत कैलकुलेशन कर बैठे, जिसका फायदा उठाते हुए प्रनेश ने टूर्नामेंट की अपनी पहली जीत दर्ज की।
दूसरी ओर, ड्रॉ की ओर बढ़ रहे मुकाबले में निहाल ने शानदार रुक सैक्रिफाइस खेलकर बाजी अपने पक्ष में कर ली और एरिगैसी ने 60 चालों के बाद हार स्वीकार कर ली।
अन्य मुकाबलों में अलीरेजा फिरोजा और नोदिरबेक अब्दुसातोरोव तथा हंस नीमन और दिमित्री अंद्रेकिन के बीच बाजी ड्रॉ रही।
अब बुधवार को होने वाले अंतिम राउंड में गुकेश का सामना हंस नीमन से होगा, जबकि फिरोज़ा और एरिगैसी के बीच मुकाबला खिताब का फैसला करेगा।

हॉकी

एफआईएच यूथ हॉकी 5s एशियन चैंपियनशिप-2026 में भारतीय सब-जूनियर पुरुष और महिला टीमों का शानदार प्रदर्शन जारी है।
मंगलवार को एलीट पूल मुकाबलों में पुरुष टीम ने पाकिस्तान को 7-4 और मेजबान ओमान को 14-0 से हराया।
वहीं, महिला टीम ने चीन के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ खेलने के बाद उज्बेकिस्तान को 16-0 से मात दी।
इन नतीजों के साथ भारत की दोनों टीमें टूर्नामेंट में अजेय हैं और यूथ हॉकी 5s वर्ल्ड कप में जगह बनाने के करीब पहुंच गई हैं।
पाकिस्तान के खिलाफ करण गौतम ने हैट्रिक लगाई, जबकि राहुल यादव, प्रह्लाद राजभर, कप्तान केतन कुशवाहा और रोमित पाल ने एक-एक गोल किया।
इससे पहले ओमान पर 14-0 की जीत में केतन ने चार और आशीष तानी पूर्ति ने तीन गोल दागे।

टेबल टेनिस

अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) सीजन-7 में मंगलवार को एचवीआर कोलकाता थंडर ब्लेड्स ने यू मुंबा टीटी को 8-7 से हरा दिया।
इस जीत के साथ कोलकाता ने सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।
हार के बावजूद बेहतर गेम काउंट के आधार पर यू मुंबा भी अंतिम-4 में पहुंच गया।
डेम्पो गोवा चैलेंजर्स के साथ अब तीन सेमीफाइनलिस्ट तय हो चुके हैं।
कोलकाता ने मुकाबले की शुरुआत शानदार अंदाज में की, जहां एडुआर्ड इयोनेस्कू ने पहला गेम गंवाने के बाद वापसी करते हुए मानुष शाह को 2-1 (9-11, 11-8, 11-7) से हराकर टीम को बढ़त दिलाई।
इसके बाद कोलकाता के लिए तनीषा कोटेचा ने इस सीजन में पहली बार एना हर्सी को हराया, जबकि जेंग जियान ने निर्णायक तीसरा गेम जीतकर टीम को मुकाबला जिताया।