बुलंद सोच, भोपाल।
सागर जिले के एक किसान की भोपाल के कोलार स्थित एक निजी अस्पताल में गलत ब्लड चढ़ने के कारण मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि उन्हें आयुष्मान कार्ड पर मुफ्त इलाज का झांसा देकर भोपाल लाया गया था।
मृतक की पहचान 46 वर्षीय ब्रह्मानंद सिंह ठाकुर के रूप में हुई है, जो खुरई तहसील के बांदरी थाना क्षेत्र स्थित गंगऊआ गांव के निवासी थे।
मृतक के भाई राजेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि ब्रह्मानंद को कोई गंभीर बीमारी नहीं थी, कुछ समय पहले उनके पैर में रॉड डली थी। 12 जुलाई को गांव में सक्रिय आयुष्मान कार्ड के दलाल बाबू भाई खान और डॉ. सुरेंद्र यादव उन्हें मुफ्त इलाज का लालच देकर भोपाल ले गए थे।
अस्पताल में डॉक्टरों ने पैर के फ्रैक्चर वाली जगह पर गैप बताकर ऑपरेशन की सलाह दी। ऑपरेशन से पहले खून की कमी बताते हुए ब्लड चढ़ाना शुरू किया गया।
परिजनों का आरोप है कि एक यूनिट ब्लड चढ़ने के बाद दूसरी यूनिट चढ़ाते ही ब्रह्मानंद की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तुरंत आईसीयू में भर्ती किया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
राजेंद्र सिंह ठाकुर ने यह भी बताया कि दलाल ग्रामीण इलाकों में घूमकर मरीज तलाशते हैं और आयुष्मान कार्ड पर मुफ्त इलाज का झांसा देते हैं। मरीज लाने के बदले उन्हें दो हजार रुपये तक मिलते हैं।
मंगलवार को परिजन शव लेकर खुरई सिविल अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। खुरई शहरी पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
