बुलंद सोच, इछावर।

मध्यप्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा के गृह विधानसभा क्षेत्र इछावर के ग्राम पंचायत मूडला खुर्द के कचनारिया गांव में एक बुजुर्ग व्यक्ति के निधन के बाद ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के लिए उफनती नदी पार कर शव ले जाना पड़ा।
गांव में श्मशान घाट तक जाने के लिए पुल न होने के कारण ग्रामीणों को कंधों पर शव उठाकर उफनती नदी पार करनी पड़ी।
यह सफर जानलेवा था, जिसमें जरा सी चूक किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी। ग्रामीणों के पास इसके अतिरिक्त कोई अन्य विकल्प नहीं था।
इछावर क्षेत्र से करण सिंह वर्मा 35 वर्षों से अधिक समय से विधायक हैं और वर्तमान में प्रदेश सरकार में राजस्व मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पद पर आसीन हैं।
इसके बावजूद, कचनारिया गांव के लोग आज भी बुनियादी सुविधाओं के अभाव का सामना कर रहे हैं। ग्रामीणों द्वारा लंबे समय से श्मशान घाट तक पहुंच मार्ग और पुल के निर्माण की मांग की जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, प्रत्येक चुनाव में बड़े वादे किए जाते हैं, परंतु धरातल पर स्थितियां अपरिवर्तित हैं। बारिश के दिनों में यह समस्या और गंभीर हो जाती है।
इस घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन से श्मशान घाट मार्ग पर जल्द से जल्द पुल निर्माण की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी को इस तरह जान जोखिम में न डालनी पड़े।

