बुलंद सोच, इंदौर।
शहर के कनाड़िया, आजाद नगर, लसूड़िया और विजयनगर क्षेत्रों में सोमवार शाम से देर रात तक हुए अलग-अलग हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई। सभी मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेजे गए हैं। पुलिस इन मामलों की जांच कर रही है।
कनाड़िया में बिचौली मर्दाना गांव के पास सोमवार शाम अशोक (40) पिता जगदीश परमार निवासी अंबामूलिया अपने घर जा रहे थे। इस दौरान एक लोडिंग वाहन ने ओवरटेक करते हुए उन्हें सामने से टक्कर मार दी। हादसे में अशोक के सिर में गंभीर चोट आई, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया। गंभीर हालत होने पर डॉक्टरों ने उन्हें एमवाय अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। अशोक एक निजी टेलीकॉम कंपनी में कार्यरत थे। उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं, जो दोनों पढ़ाई कर रहे हैं।
आजाद नगर में मूसाखेड़ी शराब दुकान के पास एक अज्ञात वाहन ने दिव्यांग संजय (35) पिता रमेश ठाकरे को टक्कर मार दी। संजय अपने जीजा संतोष के पास रहते थे, जिनकी मूसाखेड़ी में दुकान है। सोमवार देर शाम संजय भोपाल में अपने रिश्तेदारों के यहां जाने के लिए सड़क पार कर रहे थे, तभी वे हादसे का शिकार हो गए। संजय का एक पैर मुंबई में हुए एक सड़क हादसे में कट गया था, जिसके बाद वे अपने जीजा के पास इंदौर आकर रहने लगे थे। उनकी शादी नहीं हुई थी और वे मूल रूप से कमलापुर के पास के रहने वाले थे।
विजयनगर के सी-21 मॉल के सामने निकिता पिता विश्वनाथ लोधी को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। लोगों ने उन्हें उपचार के लिए लक्ष्मी मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां देर रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। निकिता नरसिंहपुर की रहने वाली थीं। उनके परिवार में पिता और भाई सहित अन्य सदस्य हैं। इंदौर में वे किराए के घर में रहकर एक निजी कंपनी में नौकरी करती थीं। पुलिस टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश कर रही है।
लसूड़िया क्षेत्र के सैटेलाइट जंक्शन में रात करीब 11 बजे एक 40 वर्षीय व्यक्ति की ट्रेन से टकराने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर लसूड़िया पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को तलाशी के दौरान मृतक के पास से कुछ नहीं मिला है और उसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
रात में एकेवी यूनिवर्सिटी के पास दोपहिया वाहन सवार शिवराज (29) पिता राजेश मालवीय निवासी टिकरिया, देवास को भी एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। राहगीरों ने उन्हें एंबुलेंस से एमवाय अस्पताल भेजा, जहां रात करीब दो बजे उपचार के दौरान शिवराज की मौत हो गई। पुलिस उनके परिवार के लोगों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।

